गुजरात चुनाव ड्यूटी से हटाए गए अभिषेक का आया जवाब, जानिए अपनी सफाई में उन्होंने क्या कहा

Gujarat Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश कैडर के आइएएस अफसर अभिषेक सिंह ने खुद को हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट डाली है। इसमें में उन्होंने अपनी सफाई पेश करते हुए आयोग के फैसले का स्वागत किया है। 

Ashutosh Pathak | Published : Nov 19, 2022 8:21 AM IST / Updated: Nov 19 2022, 01:53 PM IST

गांधीनगर। Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव के बीच निर्वाचन आयोग की शुक्रवार, 18 नवंबर को बड़ी कार्रवाई सामने आई थी। आयोग ने आइएएस अफसर अभिषेक सिंह को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया था। अभिषेक को विधानसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए बतौर आब्जर्वर नियुक्त किया गया था। मगर अभिषेक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली, जो चुनाव आयोग को नागवार गुजरी और उन्हें ड्यूटी से हटाने का फैसला सुना दिया। हालांकि, इस पर अभिषेक ने अपनी सफाई भी दी है। 

दरअसल, एक आइएएस अधिकारी ने सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट की, जिसके लिए उसे भारी कीमत चुकानी पड़ी। चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, भारतीय प्रशासनिक सेवा से जुड़े अफसर अभिषेक सिंह पर यह कार्रवाई उनके इंस्टाग्राम पर हाल ही में पोस्ट की गई उनकी एक फोटो को लेकर की गई थी।  

चुनाव आयोग के मुताबिक, आइएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने जनरल ऑब्जर्वर के तौर पर अपनी पोस्टिंग/ज्वानिंग को सोशल मीडिया पर शेयर किया। अपनी आधिकारिक पोजिशन का इस्तेमाल उन्होंने पब्लिसिटी स्टंट के रूप में किया। बता दें कि अभिषेक सिंह उत्तर प्रदेश कैडर के IAS अफसर हैं। उन्हें चुनाव आयोग की ओर से अहमदाबाद में दो विधानसभा क्षेत्रों बापूनगर और असरवा के लिए सामान्य पर्यवेक्षक निुयक्त किया गया था। 

यूपी मूल कैडर में ज्वाइन करने का मिला आदेश 
सोशल मीडिया पर अभिषेक ने दो फोटो पोस्ट की है, जिसमें से एक में वे सरकारी गाड़ी के बगल में खड़े हैं और उस पर आगे की ओर आब्जर्वर लिखा है। फोटो के साथ कैप्शन में लिखा है, गुजरात चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर जिम्मेदारी मिली। चुनाव आयोग ने उनकी इस पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए तुरंत स्टेशन छोड़ने और अपने मूल कैडर में ज्वाइन करने का आदेश दिया है। अभिषेक को गुजरात में दी जा रही सभी सुविधाएं भी छीन ली गई हैं। इसमें वो कार भी शामिल है, जिसके आगे खड़े होकर उन्होंने फोटो खिंचवाई। 

 

 

यह पब्लिसिटी नहीं है और न ही स्टंट 
हालांकि, अभिषेक सिंह ने चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत किया और अपनी सफाई में सोशल मीडिया पर लिखा, मैं माननीय चुनाव आयोग के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करता हूं। वैसे, मेरा मानना ​​है कि पोस्ट में कुछ भी गलत नहीं था। एक लोक सेवक, जो जनता के पैसे से खरीदी गई कार के साथ जनता के काम के लिए काम करने वाले लोगों के साथ रिपोर्ट करता है, यह जनता से संवाद करना है। यह पब्लिसिटी नहीं है और न ही कोई स्टंट। 

जानिए कब-कब है गुजरात में वोटिंग 
गुजरात विधानसभा चुनाव में नामांकन का दौर खत्म हो चुका है। पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 14 नवंबर अंतिम तारीख थी। दूसरे चरण के लिए नामाकंन प्रक्रिया की अंतिम तारीख 17 नवंबर थी। राज्य में पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। वहीं, मतगणना दोनों चरणों की 8 दिसंबर को होगी और संभवत: उसी दिन देर रात तक अंतिम परिणाम जारी हो जाएंगे। पहले चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए गजट नोटिफिकेशन 5 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए 10 नवंबर को जारी हुआ था। स्क्रूटनी पहले चरण के लिए 15 नवंबर को हुई, जबकि दूसरे चरण के लिए 18 नवंबर की तारीख तय थी। नाम वापसी की अंतिम तारीख पहले चरण के लिए 17 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 21 नवंबर निर्धारित की गई है। 

यह भी पढ़ें- 

काम नहीं आई जादूगरी! गहलोत के बाद कांग्रेस ने पायलट को दी गुजरात में बड़ी जिम्मेदारी, जानिए 4 दिन क्या करेंगे

पंजाब की तर्ज पर गुजरात में भी प्रयोग! जनता बताएगी कौन हो 'आप' का मुख्यमंत्री पद का चेहरा

बहुत हुआ.. इस बार चुनाव आयोग Corona पर भी पड़ेगा भारी, जानिए क्या लिया गजब फैसला

Share this article
click me!