रायबरेली में लगे सदर विधायक अदिति सिंह के विवादित पोस्टर, गंभीर आरोपों के साथ चरित्र पर की गई टिप्पणी

हाल में कांग्रेस से बीजेपी में आईं रायबरेली से सदर विधायक अदिति सिंह को लेकर पूरे जिले में पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इन पोस्टरों में अदिति सिंह के साथ उनकी बहन की तस्वीर भी लगाई गई है। सामाजिक बहिष्कार के इन पोस्टरों में अदिति सिंह और उनकी बहन पर गम्भीर आरोपों के साथ चरित्र पर भी टिप्पणी की गई है। 

Pankaj Kumar | Published : Dec 4, 2021 5:27 AM IST

रायबरेली: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव (UP Vidhansabha Chunav 2022)  के करीब आने से ठीक पहले रायबरेली (Raebareli) की सदर सीट से विधायक अदिति सिंह ( MLA Aditi Singh)  ने बीजेपी की सदस्यता ले ली। कांग्रेस (Congress)  की बागी नेता कही जाने वाली अदिति सिंह की सदस्यता का विवाद कम भी नहीं हुआ कि एक नया पोस्टर विवाद फिर से शुरू हो गया। आपको बता दें कि रायबरेली जिले में सदर विधायक आदिति सिंह और उनकी बहन देवांशी सिंह (Devanshi Singh)  की फोटो लगे पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इन पोस्टरों में अदिति सिंह पर कई भद्दी टिप्पणियों के साथ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। 

पोस्टर में हुई अदिति सिंह के चरित्र पर टिप्पणी
रायबरेली भर में सदर विधायक अदिति सिंह और उनकी बहन के सामाजिक बहिष्कार के पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में अदिति सिंह और उनकी बहन के चरित्र पर सवाल खड़ा करते हुए लिखा गया है कि 'तुमने अखिलेश सिंह का नामोनिशान मिटा दिया इसलिए ऐसी स्वेच्छाचारिणी, कुल कलंकित और चरित्रहीन बेटियों पर थूकता है रायबरेली का जनमानस'। इसके साथ ही पोस्टर में यह भी कहा गया है कि 'तुमने धुन्नी सिंह और अखिलेश सिंह का नाम तो मिट्टी में मिला ही दिया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम अपने साथ जोड़कर उन्हें भी शर्मसार किया'। 

हाल ही में हुई थी अदिति सिंह की बहन की शादी, पोस्टर में लगाया गंभीर आरोप
हाल ही में अदिति सिंह की बहन देवांशी सिंह की शादी अखिलेश दास गुप्ता के बेटे से हुई थी उसके बाद पोस्टर में इस बात को लेकर भी अदिति सिंह को आड़े हाथ लिया। पोस्टर में आदित्य सिंह और आरोप लगाया गया है कि 'तुमने अखिलेश सिंह और मंगल सिंह सैनी के घर को तो तबाह कर ही दिया है, अब अखिलेश दास गुप्ता के घर पर भी तुम्हारी कुदृष्टि है'। उसमें लिखा है कि 'देश का क्षत्रिय समाज तुम्हारे पाप और अहंकार के कारण सैनी और गुप्ता को बहनोई नहीं कह सकता और ना ही तुम्हें दीदी कह सकता है'। पोस्टर में अदिति सिंह और उनकी बहन पर कई अन्य विवादित टिप्पणी की गई हैं।
 

Share this article
click me!