Amitabh Bachchan Firing Conspiracy : अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की साजिश में दिल्ली पुलिस ने दो शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के कहने पर यह दोनों आरोपी खतरनाक प्लान बना रहे थे। जो 'खून का बदला खून' वाले कथित बयान को लेकर बिग बी से नाराज था और उन्हें निशाना बनाना चाहता था।
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करने की साजिश के पीछे 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ा पुराना विवाद सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दो शॉर्पशूटर्स विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विदेश में बैठा एक गैंगस्टर अमिताभ से नाराज था और इसी वजह से उनके मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' के बाहर फायरिंग करवाना चाहता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर की नाराजगी अमिताभ बच्चन के उस कथित बयान को लेकर थी, जिसमें उन पर 1984 के दंगों के दौरान भीड़ को उकसाने के आरोप लगे थे। हालांकि, अमिताभ इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुके हैं। आइए जानते हैं आखिर क्या है यह पूरा विवाद।
अमिताभ पर क्या लगे थे आरोप?
31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सिख विरोधी दंगे भड़क गए थे। इसी दौरान कुछ सिख संगठनों और दंगों की गवाह जगदीश कौर ने अमिताभ बच्चन पर गंभीर आरोप लगाए थे।
दावा किया गया था कि अमिताभ ने दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर भीड़ को उकसाया था। उन्होंने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर 'खून का बदला खून' और 'खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए' जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो सार्वजनिक नहीं हुआ।
2014 में अमेरिकी कोर्ट तक पहुंचा मामला
अक्टूबर 2014 में सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) ने लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अमिताभ बच्चन के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। इसमें 1984 के दंगों से जुड़े कथित बयान को आधार बनाया गया था। अमिताभ ने कानूनी रूप से इन आरोपों का खंडन किया था।
गौर करने वाली बात यह है कि भारत की किसी जांच एजेंसी ने 1984 के दंगों के मामले में अमिताभ बच्चन को आरोपी नहीं बनाया और न ही उनके खिलाफ कोई सबूत सामने आया।
जलसा को बम से उड़ाने की धमकी भी मिली
अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को लेकर पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। 6 नवंबर को उनके बंगले को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल भेजा गया था।
अब दिल्ली पुलिस ने फायरिंग की कथित साजिश के मामले में विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दीपक को मुंबई में रुककर अमिताभ के घर के बाहर फायरिंग करनी थी। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर गैंगस्टर के नेटवर्क और इस साजिश से जुड़े दूसरे लोगों का पता लगा रही है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।