
रणबीर कपूर का गणपति दर्शन के दौरान प्रसाद लेने से इनकार करने वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में रणबीर कहते दिखते हैं कि वह डाइट पर हैं और प्रसाद पैपराजी को दे देते हैं। इसी मामले पर अब ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में माता सीता का किरदार निभा रहीं कच्चा बादाम गर्ल अंजलि अरोड़ा से सवाल किया गया। ट्रेलर लॉन्च के दौरान अंजलि ने प्रसाद और आस्था को लेकर अपनी राय रखी। हालांकि, इस पूरे विवाद का एक अहम पहलू यह है कि रनबीर कपूर की वायरल क्लिप मौजूदा गणेश चतुर्थी का नहीं, बल्कि 2023 का पुराना वीडियो है।
रणबीर के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए अंजलि अरोड़ा ने कहा, “अरे! मैं तो खुद अभी गणपति जी रखकर आई हूं घर पर और मुझे मीठा बहुत पसंद है। मैं तो इतना ज्यादा मीठा खाती हूं कि बस...” इसके बाद उन्होंने प्रसाद को लेकर अपनी सोच बताई। अंजलि ने कहा, “प्रसाद जो हमें मिलता है, वो आशीर्वाद होता है। उससे ना हमारा पेट बढ़ता है, हमें सद्बुद्धि ही मिलती है।” उन्होंने आगे कहा कि जितना प्रसाद मिले, उसे खाना चाहिए और थोड़ा-थोड़ा जरूर खाना चाहिए, क्योंकि भगवान का आशीर्वाद कब किस रूप में मिल जाए, पता नहीं होता।
यह भी पढ़ें : 'खा लेता तो मर नहीं जाता', 'रामायण' के राम रणबीर कपूर ने किया प्रसाद खाने से मना तो भड़क उठे लोग!
वायरल क्लिप में रणबीर कपूर गणपति दर्शन के बाद पैपराजी के साथ नजर आते हैं। इसी दौरान उन्हें प्रसाद दिया जाता है, जिसे वे ले तो लेते हैं, लेकिन खाने से मना कर देते हैं। रणबीर कपूर पैपराजी को प्रसाद का बॉक्स देते हुए कहते हैं, “मैं तो डाइट पर हूं, तुम खा लो।”
वीडियो दोबारा वायरल होने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके इस फैसले की आलोचना की। एक टिप्पणी में कहा गया, “सच कहूं तो, प्रसाद के तौर पर एक मिठाई का टुकड़ा खाने से आपकी सेहत पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा। डाइट का यह बहाना बिल्कुल बकवास है।” दूसरी तरफ कुछ यूजर्स ने उनके डाइट फॉलो करने को लेकर उनका बचाव भी किया।
यह भी पढ़ें : कौन हैं 'कच्चा बादाम गर्ल' अंजलि अरोड़ा, जो डेब्यू फिल्म में बनी सीता, नेटवर्थ से कमाई तक सब जानिए
इस विवाद में सबसे जरूरी बात वीडियो की तारीख है। सोशल मीडिया पर इसे मौजूदा गणेश चतुर्थी से जोड़कर शेयर किया जा रहा है, जबकि रिपोर्ट्स के मुताबिक यह क्लिप 2023 की है। यानी इसे 2026 की हालिया घटना मानना सही नहीं होगा। मौजूदा समय में रणबीर कपूर की आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा तेज है, जिसमें वह भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं और साई पल्लवी सीता के किरदार में हैं। फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ भी हाल में रिलीज हुआ है।
अंजलि अरोड़ा की फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा – श्री राम की’ में देव शर्मा राम और अंजलि सीता की भूमिका में हैं। अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर राम और साई पल्लवी सीता बनी हैं। दोनों फिल्मों में रामायण की कथा को अलग सिनेमाई अंदाज में पेश किया जा रहा है, जो दो पार्ट्स में रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।