शाहरुख़ खान के साथ फिल्म ‘जोश’ में नज़र आए एक्टर शरद कपूर को अपने चार पालतू कुत्तों से कुछ समय के लिए अलग होना पड़ा। भावुक वीडियो में उन्होंने उन्हें जल्द घर वापस लाने की उम्मीद जताई।

शाहरुख खान की फिल्म 'जोश' में नजर आए एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी की मुश्किलों को लेकर चर्चा में हैं। उनका एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने चार पालतू कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजते हुए नजर आ रहे हैं। एक्टर के लिए अपने प्यारे पेट्स से दूर होना आसान नहीं था। उनकी दोस्त और बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने बताया कि शरद की मौजूदा शारीरिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण कुत्तों की देखभाल करना मुश्किल हो गया था। ऐसे में उन्हें कुछ समय के लिए सेंटर भेजने का फैसला लिया गया।

शरद कपूर को अपने कुत्तों से क्यों होना पड़ा दूर?

हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बताया कि शरद कपूर इस समय शारीरिक चुनौतियों से गुजर रहे हैं और उन्हें खुद भी देखभाल की जरूरत है। उनके घर में पत्नी और नवजात बच्चा भी हैं। चारों कुत्तों की देखभाल के लिए कोई केयरटेकर मौजूद नहीं था, जिसके चलते परिवार के लिए सब कुछ संभालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में एनिमल वेलफेयर संस्था YODA Mumbai ने कुत्तों को अपने सेंटर में रखने की जिम्मेदारी ली है। हेमा ने साफ किया कि यह पशु क्रूरता का मामला नहीं है, बल्कि परिवार की मौजूदा परिस्थितियों के चलते लिया गया अस्थायी फैसला है।

View post on Instagram
 

कुत्तों से बिछड़ने पर क्या बोले शरद कपूर?

वीडियो में शरद अपने पालतू कुत्तों से दूर होने पर भावुक नजर आए। उन्होंने नए घर में शिफ्ट होने के बाद उन्हें वापस लाने की उम्मीद जताते हुए कहा, "अभी मेरे घर की स्थिति थोड़ी ठीक नहीं है। इस घर के बाद जब मेरा नया बंगला होगा, तो मैं YODA से कहूंगा कि प्लीज मेरे बच्चों को मुझे वापस दे दीजिए, क्योंकि मैं उनके बिना नहीं रह सकता।" उन्होंने यह भी कहा कि उनके बिना कुत्ते भी उदास हो जाएंगे। अपने जानवरों के प्रति प्यार जाहिर करते हुए शरद ने कहा, "एक एक्टर होने के नाते मैं बहुत भावुक इंसान हूं। हम किसी के साथ क्रूर कैसे हो सकते हैं? हम तो लोगों से प्यार करने और उन्हें प्यार देने के लिए हैं।"

View post on Instagram
 

शरद कपूर को आखिर हुआ क्या है?

शरद कपूर इन दिनों शारीरिक परेशानियों से गुजर रहे हैं। उन्हें फुटबॉल खेलते समय पैर में चोट लगी थी, जिसके चलते उनकी हड्डी में हल्का क्रैक आ गया। वायरल वीडियो में वह वॉकर के सहारे चलते नजर आए। चोट और शारीरिक दिक्कतों के कारण उनके लिए रोजमर्रा के कामों के साथ चार पालतू कुत्तों की देखभाल करना भी मुश्किल हो गया है। इसी वजह से उन्होंने अपनी सहमति से कुछ समय के लिए कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजने का फैसला लिया।

शरद कपूर ने फिल्मों में कब और किन फिल्मों में काम किया?

शरद कपूर हिंदी और बंगाली सिनेमा के साथ टेलीविजन में भी काम कर चुके हैं। उन्हें शाहरुख खान के साथ फिल्म 'जोश' में निभाए किरदार से खास पहचान मिली। इसके अलावा वह 'दस्तक', 'त्रिशक्ति', 'क्योंकि... मैं झूठ नहीं बोलता', 'जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी', 'वॉन्टेड', 'लक्ष्य' और 'जय हो' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।