रणबीर कपूर की 'रामायणम् पार्ट 1' कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है, लेकिन फिल्म के कुछ अहम प्रसंगों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जानिए वे 10 गलतियां, जिनकी हो रही है चर्चा।
डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम् पार्ट 1' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज 8 दिन में इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 1000 करोड़ तो भारत में नेट कमाई के मामले में 500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है। लेकिन रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म में ऐसे-ऐसे ब्लंडर हुए हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि मेकर्स ने इसे बनाने से पहले रिसर्च ही नहीं की। ये ऐसी मिस्टेक्स हैं, जो इसके 4000 करोड़ रुपए के बजट पर सवाल खड़ा करती हैं। चलिए आपको बताते हैं 'रामायणम् पार्ट 1' की ऐसी ही मिस्टेक्स के बारे में...
1.रावण को दशानन नाम कब मिला?
''रामायणम् पार्ट 1' में जब रावण की एंट्री होती है तो उसकी मां केकसी उसे दशानन कहकर बुलाती है। लेकिन सच्चाई यह है कि उस वक्त उसका नाम दशानन पड़ा ही नहीं था। 'रावण' ने जब ब्रह्माजी से वरदान के लिए तपस्या की थी, तब उसने 9 बार अपना सिर काटकर अग्नि में अर्पित किया था और ब्रह्मा जी ने प्रसन्न होकर न केवल उसे मनचाहा वरदान दिया, बल्कि उसे उसके 9 सिर वापस किए। इसी के बाद उसका नाम दशानन पड़ा था।

इसी सीक्वेंस में एक मिस्टेक यह भी है कि तपस्या अकेले रावण ने नहीं की थी, बल्कि तीनों भाइयों ने साथ की थी और ब्रह्माजी ने सभी को एक साथ वरदान दिए थे।
यह भी पढ़ें : Ramayana Collection Day 8: फिर गिरी रणबीर कपूर की 'रामायणम्' की कमाई, 8वें दिन इतने करोड़ पर सिमटी!
2. विद्युतजीव की हत्या गलत तरीके से दिखाई गई
फिल्म के मुताबिक़, रावण ने भरी सभा में दासी और अपना अपमान होने के बाद विद्युतजीव को चुनौती देकर उससे युद्ध किया और उसे मार डाला। लेकिन असल में रावण ने विद्युतजीव की हत्या तब की थी, जब वह विश्वविजय के लिए निकला था और विद्युतजीव उसके विपक्षी खेमे कालजयी राक्षसों की तरफ से युद्ध लड़ रहा था। उस वक्त तक रावण को पता भी नहीं था कि विद्युतजीव उसकी बहन सूर्पणखा का पति था। कथिततौर पर जब सूर्पणखा को अपने पति की हत्या का पता चलता है तो वह रावण के वंश का सर्वनाश करने की कसम खाती है और इसी का परिणाम राम-रावण युद्ध के रूप में देखने को मिलता है।

3. भगवान राम और उनके भाइयों का विवाह
फिल्म के मुताबिक़, भगवान राम सीता से कहते हैं कि उन्होंने अपने भाइयों को वचन दिया है कि चारों भाई एक ही मंडप में शादी करेंगे। इस पर माता सीता उन्हें पीछे देखने को कहती हैं और वे पाते हैं कि लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न अलग-अलग राजकुमारियों के साथ नज़र आते हैं। इसके बाद चारों का विवाह दिखाया जाता है।

असल कहानी के मुताबिक़, जब भगवान राम शिव धनुष तोड़ देते हैं तो राजा जनक अयोध्या संदेश भेजते हैं और राजा दशरथ अपने बाकी बेटों भरत और शत्रुघ्न और पूरी बरात के साथ वहां पहुंचते हैं। तब तय होता कि चारों भाइयों की शादी एक साथ होगी। इस तरह राम और लक्ष्मण की शादी क्रमशः राजा जनक की बेटियों सीता और उर्मिला से होती है, जबकि भरत और शत्रुघ्न का विवाह जनक के भाई सिरध्य्ज की बेटियों मांडवी और श्रुतिकीर्ति से कराई जाती है।
4. भगवान परशुराम की पूरी सीक्वेंस गलत बताई गई

फिल्म में भगवान परशुराम उस वक्त आते हैं, जब भगवान राम अपने तीनों भाइयों समेत विवाह कर पत्नी, पिता-माता और सभी अयोध्या वासियों के साथ अपने गृहनगर लौट रहे होते हैं। लेकिन असल में भगवान परशुराम शिव-धनुष टूटने की आवाज़ सुनकर राजा जनक की सभा में पहुंचे हैं। वहां उनका और लक्ष्मण का वाद-विवाद होता है। वहीं, भगवान राम अपना विष्णु रूप का दर्शन देते हैं और परशुराम का क्रोध शांत होता है।
यह भी पढ़ें : Ramayana 1000 करोड़ क्लब में शामिल, 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड तोड़ा, पर 2 मूवी को पछाड़ने से चूकी!
5. राजा दशरथ के कैकेयी को वचन

'रामायणम्' के मुताबिक़, राजा दशरथ ने कैकेयी से विवाह के समय उनके पिता को एक वचन दिया था कि उनकी बेटी से पैदा हुआ बेटा अयोध्या का राजा बनेगा। जबकि असल में देवासुर संग्राम के समय जब कैकेयी ने राजा दशरथ की जान बचाई थी, तब राजा ने उनसे दो वचन मांगने को कहा था और कैकेयी ने वक्त आने पर मांगने की बात कही थी। यही दो वचन उन्होंने भरत के लिए राजगद्दी और राम के लिए वनवास के रूप में मांगे थे।
6. सूर्पणखा का माता सीता का रूप रखना
फिल्म में सूर्पणखा भगवान राम द्वारा विवाह का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद माता सीता का रूप लेकर उनकी कुटिया में पहुंच जाती है और वे उसे पहचान नहीं पाते हैं। जबकि भगवान राम ने उस वक्त माता सती तक को पहचान लिया था, जब वे माता सीता का रूप रखकर उनकी परीक्षा लेने पहुंची थीं। उनका सूर्पणखा के छल को न पहचान पाना हजम नहीं होता।

सूर्पणखा की नाक काटने का सीन भी गलत दिखाया गया है। असल में जब भगवान राम विवाह का प्रस्ताव ठुकराते हैं तो सूर्पणखा लक्ष्मण जी के पास जाती है और जब उसे वहां से भी निराशा मिलती है तो वह माता सीता पर झपटती है, तब लक्ष्मण उसके नाक, कान और स्तन काट देते हैं।
7. खर-दूषण के वध का तरीका
फिल्म के मुताबिक़, खर-दूषण से राम, लक्ष्मण और सीता तीनों मिलकर खर-दूषण और उनकी सेना से युद्ध करते हैं। इस बीच राम लक्ष्मण को सीता को लेकर वहां से ले जाने को कहते है और एक बाण चलाते हैं, जिससे तूफ़ान उठता है और सभी राक्षस मर जाते हैं।
लेकिन असली कहानी के मुताबिक़, राम पहले ही लक्ष्मण को माता सीता को वहां से अपनी कुटिया में ले जाने को कहते हैं। फिर एक ऐसा बाण चलाते हैं, जिससे खर-दूषण की सेना को भ्रमवश एक-दूसरे में ही राम नज़र आने लगते हैं और वे आपस में ही कट-मर जाते हैं। यानी फिल्म में तथ्य गलत तरीके से दिखाया गया है।
8.सीता का युद्ध करना गलत दिखाया गया

रणबीर कपूर स्टारर 'रामायणम्' में माता सीता को खर-दूषण की सेना से युद्ध करते दिखाया गया है, जो कि तथ्यात्मक रूप से गलत है। अद्भुत रामायण के अलावा किसी भी रामायण में सीता के युद्ध करने का जिक्र नहीं है।लेकिन अद्भुत रामायण में भी माता सीता खर-दूषण की सेना से नहीं, बल्कि सहस्त्रमुख रावण नाम के राक्षस से युद्ध करती हैं और उसका वध कर देती हैं।
9. सीता हरण को गलत तरीके से दिखाया गया

'रामायणम्' में सीता हरण की सीक्वेंस गलत तरीके से दिखाई गई। इसमें पता ही नहीं चलता कि उसने माता सीता का हरण कैसे किया। बस सीता को कुटिया से बाहर आते दिखाया गया और फिर पुष्पक विमान आ गया। असल में माता सीता हरण के बाद विलाप करती हैं, वह फिल्म से गायब। उलटा सीता को ऐसे दिखाया गया, जैसे कि वे खुद रावण के साथ सहमति से जा रही हों।
10. ऋषि अगस्त्य की पत्नी गलत बता दी
फिल्म में एक सीक्वेंस आती है, जहां अगस्त्य ऋषि भगवान राम को दिव्य तुणीर प्रदान करते हैं। इसी सीक्वेंस में उनकी पत्नी माता सीता को आभूषण देते दिखाई जाती हैं। यहां मेकर्स से सबसे बड़ा ब्लंडर हुआ। असल में माता सीता को आभूषण अगस्त्य ऋषि की पत्नी ने नहीं, बल्कि महर्षि अत्रि की पत्नी माता अनुसूया ने भेंट किए थे।












