
सनी देओल की पीरियड ड्रामा फिल्म ‘बंटवारा 1947’ सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक पकड़ नहीं बना पाई। रिलीज के बाद दूसरे दिन मिली तेज बढ़त के बावजूद फिल्म उस मोमेंटम को बरकरार नहीं रख सकी। वीकडेज में लगातार गिरावट के बाद दूसरे वीकेंड से भी मेकर्स को बड़ा सहारा नहीं मिला। हालांकि, फ्लॉप होने के खतरे के बीच 'बटवारा 1947' दूसरे रविवार को ग्रोथ प्रतिशत के मामले में इसी के साथ रीलीज हुई इमरान हाशमी स्टारर 'आवारापन 2' पर भारी पड़ी है। फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 10वें दिन यानी दूसरे रविवार को 'बंटवारा 1947' का कलेक्शन लगभग 1.30 करोड़ रुपए रहा, जो 9वें दिन की कमाई (1.15 करोड़ रुपए) के मुकाबले लगभग 13 फीसदी ज्यादा है। यह ग्रोथ 'आवारापन 2' के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा है। क्योंकि इमरान हाशमी स्टारर 'आवारापन 2' ने दूसरे रविवार को कमाई के मामले में 6.1 फीसदी ग्रोथ हासिल की थी। (पढ़ें पूरी खबर)
‘बटवारा 1947’ ने पहले दिन यानीपहले शुक्रवार को 5.75 करोड़ रुपए से शुरुआत की। दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई बढ़कर 13.50 करोड़ रुपए पहुंची, लेकिन रविवार को यह 22 प्रतिशत घटकर 7.25 करोड़ रुपए रह गई। इसके बाद सोमवार को फिल्म ने 2 करोड़ रुपए कमाए। मंगलवार को 12.5 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ कलेक्शन 2.25 करोड़ रुपए रहा। बुधवार यानी छठे दिन कमाई 16 प्रतिशत गिरकर 1.40 करोड़ रुपए हो गई, जबकि गुरुवार को फिल्म ने 1.30 करोड़ रुपए कमाए। दूसरे शुक्रवार को कलेक्शन सिर्फ 75 लाख रुपए रहा। दूसरे शनिवार और रविवार को फिल्म ने क्रमशः 1.15 करोड़ और 1.30 करोड़ रुपए जोड़े। 10 दिन बाद भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 36.80 करोड़ रुपए हो गया है।
यह भी पढ़ें :'महाकाली' के टीजर में दिखा अक्षय खन्ना का खतरनाक अवतार, आखिरी सीन ने रोंगटे खड़े कर दिए
10वें दिन राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी 'बंटवारा 1947' ने विदेशों में लगभग 50 लाख रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके चलते ओवरसीज ग्रॉस कमाई का आंकड़ा 8.85 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 43.67 करोड़ रुपए हुआ है। यानी वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस (भारत+विदेश) पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 52.52 करोड़ रुपए हो गया है।
फिल्म का रिपोर्टेड बजट 120 करोड़ रुपए बताया गया है। मौजूदा कमाई को देखते हुए फिल्म के लिए अपनी लागत का बड़ा हिस्सा रिकवर करना चुनौती बन गया है। फ्लॉप वर्डिक्ट से बचने के लिए इसे अपने बजट के 50 प्रतिशत से ज्यादा की रिकवरी वाले जरूरी बेंचमार्क तक पहुंचना होगा। मौजूदा रफ्तार में यह टारगेट मुश्किल दिखाई दे रहा है। यानी फिल्म पर फ्लॉप का टैग लगने का ख़तरा मंडरा रहा है।
यह भी पढ़ें : सनी देओल-प्रिटी जिंटा की 5 फिल्मों में बस एक चली, 'बंटवारा 1947' समेत 4 का निकला BO पर दम
बता दें कि इस फिल्म में सनी देओल के साथ प्रिटी जिंटा, शबाना आजमी, अभिमन्यु सिंह, अली फजल, करण देओल और कनिका कपूर जैसे कलाकारों ने भी काम किया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।