
Daler Mehndi News: मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों अपने एक लाइव शो को लेकर चर्चा में हैं। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में मां कुंजापुरी मेले के दौरान उनके परफॉर्मेंस पर लिप-सिंकिंग के आरोप लगे। कार्यक्रम में मौजूद उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाए। अब दलेर मेहंदी के छोटे भाई और सिंगर मीका सिंह उनके समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने मीडिया से अपील की है कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच जरूर की जाए।
दलेर मेहंदी ने नवरात्रि के दौरान टिहरी गढ़वाल में आयोजित मां कुंजापुरी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम में परफॉर्म किया था। इसके बाद उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मंत्री सुबोध उनियाल उनके प्रदर्शन पर नाराजगी जताते नजर आए। मंत्री का आरोप था कि दलेर मेहंदी मंच पर ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और अपने गानों पर केवल लिप-सिंक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इतने बड़े कलाकार को अपनी कला के साथ न्याय करना चाहिए। मंत्री के मुताबिक, कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए सिंगर को 35 लाख रुपये दिए गए थे।
ये भी पढ़ें- 'बोला तो जा नहीं रहा...?', नवरात्रि इवेंट में नशे में धुत दलेर मेहंदी पर भड़के मंत्री का Video वायरल
विवाद बढ़ने के बाद मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए किसी कलाकार के बारे में खबर फैलाना उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है। मीका ने साफ कहा कि उनके भाई दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दलेर पिछले दो साल से बीमार चल रहे हैं और अभी भी ठीक होने की प्रक्रिया में हैं। हाल ही में उनका ऑपरेशन भी हुआ है। मीका के मुताबिक, बीमारी से उबरने के बावजूद दलेर अपने बैंड के साथ परफॉर्म कर रहे हैं। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब कई कलाकार बैकिंग ट्रैक का इस्तेमाल करते हैं, तो उनके मामले में वैसा सवाल क्यों नहीं किया जाता। नीचे देखें वीडियो-
ये भी पढ़ें- अक्षरा सिंह से प्यार, फिर ज्योति से शादी..पवन सिंह की जिंदगी में कैसे आया रिश्तों का तूफान?
इस मामले में उत्तराखंड के लोक गायक और पद्मश्री सम्मानित प्रीतम भरतवाण ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह इस बात की पुष्टि नहीं कर सकते कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में थे या नहीं। फिलहाल, विवाद के बीच मीका सिंह की मांग साफ है कि किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले कलाकार का पक्ष भी सुना जाना चाहिए। अब देखना होगा कि दलेर मेहंदी की ओर से इस पूरे मामले पर आगे क्या प्रतिक्रिया आती है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।