
बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण एक बार फिर फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। प्रभास स्टारर इस फिल्म से दीपिका के बाहर होने के करीब एक साल बाद विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया है। फिल्म के प्रोड्यूसर प्रणय रेड्डी वांगा ने हाल ही में दीपिका के एग्जिट को लेकर कुछ नए दावे किए थे। अब दीपिका ने इन दावों पर सीधे कोई बयान देने के बजाय सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट को लाइक किया है, जिसे उनके रिएक्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
दीपिका ने जर्नलिस्ट जानवी मनचंदा के एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लाइक किया। इस पोस्ट में दीपिका के ‘स्पिरिट’ से बाहर होने और उनके कथित 10 फीसदी प्रॉफिट शेयर की मांग को लेकर हो रही आलोचना पर सवाल उठाए गए थे। पोस्ट में यह तर्क दिया गया कि जब मेल एक्टर्स फिल्मों में प्रॉफिट शेयर की डील करते हैं तो इसे अक्सर उनके बिजनेस और नेगोशिएशन का हिस्सा माना जाता है, लेकिन जब कोई महिला एक्ट्रेस इसी तरह की मांग करती है तो उसे लेकर इतना विवाद क्यों खड़ा हो जाता है। दीपिका का इस पोस्ट को लाइक करना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल पोस्ट में इस पूरे विवाद को ‘मेल ईगो क्राइसिस’ से जोड़ते हुए कहा गया कि एक महिला के किसी डील को ‘ना’ कहने पर इतना बवाल क्यों हो रहा है। पोस्ट में यह भी सवाल उठाया गया कि क्या किसी महिला का अपने काम की शर्तों और कमाई को लेकर बातचीत करना गलत है। दीपिका ने इस पोस्ट को लाइक करके सीधे तौर पर कोई बयान तो नहीं दिया, लेकिन उनकी सोशल मीडिया एक्टिविटी को उनके रुख के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, एक लाइक को अभिनेत्री की ओर से आधिकारिक बयान नहीं माना जा सकता।
दरअसल, ‘स्पिरिट’ के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय रेड्डी वांगा ने हाल ही में दीपिका के फिल्म से बाहर होने की वजह पर बात की थी। उनके मुताबिक, मामला सिर्फ फीस या शूटिंग टाइमिंग तक सीमित नहीं था। प्रणय ने दावा किया कि दीपिका ने फिल्म के प्रॉफिट में 10 फीसदी हिस्सेदारी मांगी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म की कहानी और किरदार से जुड़ी कुछ अंदरूनी जानकारी बाहर लीक हुई थी। उनके मुताबिक, फिल्म के बजट और इकोनॉमिक्स को देखते हुए मेकर्स को यह डील सही नहीं लगी और इसके बाद उन्होंने दूसरे विकल्प तलाशने शुरू किए।
‘स्पिरिट’ से दीपिका के बाहर होने की खबर जब सामने आई थी, तब सबसे ज्यादा चर्चा उनकी 8 घंटे की वर्क शिफ्ट की मांग को लेकर हुई थी। रिपोर्ट्स में कहा गया था कि दीपिका शूटिंग के लिए फिक्स्ड वर्किंग आवर्स चाहती थीं। उस समय अभिनेत्री ने इस तरह की मांग को अनुचित नहीं माना था और सवाल उठाया था कि अगर मेल एक्टर्स के लिए 8 घंटे की शिफ्ट सामान्य हो सकती है, तो महिला कलाकारों की ऐसी मांग को अलग नजरिए से क्यों देखा जाता है। बाद में दीपिका फिल्म से बाहर हो गईं और उनकी जगह तृप्ति डिमरी को प्रभास के अपोजिट कास्ट किया गया।
और पढ़ें - गोविंदा के दोस्तों से परेशान थीं सुनीता आहूजा, बोलीं- 'सब सिर्फ वाह-वाह करते हैं...'
दीपिका के एग्जिट के बाद संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए कुछ पोस्ट किए थे, जिन्हें इस विवाद से जोड़कर देखा गया। उन्होंने एक पोस्ट में फिल्ममेकर और एक्टर के बीच भरोसे की बात करते हुए कथित तौर पर जानकारी लीक होने पर सवाल उठाए थे। अब प्रणय रेड्डी वांगा के नए दावों और दीपिका के वायरल पोस्ट को लाइक करने के बाद ‘स्पिरिट’ विवाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर गर्म हो गया है।
संदीप रेड्डी वांगा के डायरेक्शन में बन रही ‘स्पिरिट’ में प्रभास लीड रोल में हैं, जबकि दीपिका के बाहर होने के बाद तृप्ति डिमरी को फीमेल लीड के तौर पर जोड़ा गया है। फिल्म में विवेक ओबेरॉय भी नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज डेट 5 मार्च 2027 बताई गई है। फिलहाल दीपिका ने प्रणय के आरोपों पर सीधे कोई बयान नहीं दिया है। ऐसे में उनका वायरल पोस्ट को लाइक करना ही चर्चा का सबसे बड़ा कारण बना हुआ है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में अभिनेत्री इस पूरे मामले पर खुलकर कुछ कहती हैं या फिर उनका यह सोशल मीडिया रिएक्शन ही उनका जवाब माना जाएगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।