
एंटरटेनमेंट डेस्क. खुद को फिल्म क्रिटिक कहने वाले कमाल आर खान उर्फ़ KRK अक्सर बॉलीवुड स्टार्स को लेकर विवादित ट्वीट करते रहते हैं। इसके चलते कई बार उन्हें परेशानी का सामना भी करना पड़ा है। यहां तक कि वे कानूनी पचड़े में तक फंस चुके हैं। अब सिंगर मीका सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया है कि कैसे एक बार कॉमेडियन कपिल शर्मा केआरके के बयान से इस कदर नाराज़ हो गए थे कि उन्होंने उनके घर में जाकर हंगामा मचा दिया था। इतना ही नहीं, मीका ने यह भी बताया है कि रैपर हनी सिंह ने तो KRK के बाल तक खींच डाले थे। मीका सिंह का बयान तेजी से वायरल हो रहा है।
लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में मीका सिंह KRK के साथ अपनी बॉन्डिंग के बारे में बताया और साथ ही कुछ पुरानी घटनाओं को भी रिकॉल किया। बकौल मीका, "वह (KRK) मेरे बेटे जैसा है। वह बहुत प्यारा इंसान है। एक समय वह मेरे स्टूडियो के बेहद पास रहता था। मैं अक्सर उससे मिलने जाता था। कई बार ऐसा हुआ, जब मैं उसे बिना बताए उसके घर चाय पीने चला जाता था। मैं उसे भाई कहता था। इसलिए उसे पता था कि मैं कितना पागल इंसान था। वह मेरा दोस्त बन गया था। वह सभी हीरोज के बारे में बकवास करता था। उनमें से कुछ मेरे पास आते और कहते कि इसको समझा यार। इसलिए मैं मीडिएटर बन जाता था।"
मीका सिंह ने बताया कि एक बार हनी सिंह ने KRK से उनके घर पर मुलाक़ात की थी। वे कहते हैं, "हो सकता है कि हनी सिंह को अब यह याद ना हो। लेकिन KRK ने हनी के बारे में कुछ कह दिया था। हनी इस बात से बेहद नाराज था और उसने मुझसे कहा, 'पाजी, ये ऐसा-वैसा बोलता है।' आयुष्मान खुराना, कपिल शर्मा भी KRK से नाराज़ थे। इसलिए मैंने हनी से कहा कि 'हम दुबई में उसके घर जाएंगे और बात करेंगे। हम ऐसे पेश आएंगे, जैसे दोनों ही नशे में हों। वह हमें गाली देगा, लेकिन तू वही करना, जो उसके साथ करना चाहते है।' हम उसके साथ बेहद रूड थे। अगले दिन KRK ने हमसे कहा कि हमने उसके साथ बहुत बुरा व्यवहार किया और मैंने जवाब दिया कि मुझे कुछ भी याद नहीं है। क्योंकि हम नशे में थे। जाहिरतौर पर हमने उसके बाल खींचे थे।"
मीका ने कपिल शर्मा वाले घटनाक्रम के बारे में भी बताया। उनके मुताबिक़, यह 2012-13 की बात है। मीका के मुताबिक़, कपिल KRK से बेहद नाराज़ थे। जब कपिल को पता चला कि मीका KRK के पड़ोसी थे तो उन्होंने उनसे रिक्वेस्ट की कि वे उन्हें उनके घर ले जाएं। मीका के मुताबिक़, कपिल KRK के घर जाकर उन्हें पीटना चाहते थे। मीका ने बताया कि वे सुबह 4-5 बजे के करीब KRK के घर पहुंचे थे, लेकिन पता चला कि वे घर पर नहीं है। कपिल ने यह सुनते ही गुस्से में और लाल हो गए और उन्होंने KRK के घर के शीशे तोड़ दिए और वहां हंगामा मचा दिया था।
और पढ़ें…
जब नशे में प्रधानमंत्री मोदी पर बरस पड़े थे कपिल शर्मा! फिर सामने आया था वो सच
कपिल शर्मा पर नहीं था गिन्नी के पिता को भरोसा! शादी से पहले पूछा था यह
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।