
Hanuman Ansh New Release Date: हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने भारत में अपनी रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर रफ्तार पकड़ी। अब इसका सफर विदेशों तक पहुंचने वाला है। फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी ने ट्रेड में ध्यान खींचा है, जिसके बाद मेकर्स ने इसे इंटरनेशनल मार्केट में उतारने का फैसला किया। हॉम्बले फिल्म्स अब फिल्म के विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभालेगी और सितंबर में इसे दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी उस आध्यात्मिक शख्सियत से प्रेरित है, जिनका प्रभाव भारत से निकलकर पश्चिमी दुनिया तक पहुंचा था। अब उनकी कहानी ग्लोबल ऑडियंस के सामने होगी।
150 मिनट लंबी ‘हनुमान अंश’ को भारत में रिलीज के बाद अब विदेशी बाजारों में भी उतारा जा रहा है। 'KGF', 'सलार' और 'कांतारा' जैसी फ्रेंचाइजी बना चुकी साउथ इंडियन कंपनी हॉम्बले फिल्म्स ने फिल्म के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभाली है। फिल्म 11 सितंबर 2026 को ओवरसीज मार्केट में रिलीज होगी। इसके साथ ही ‘हनुमान अंश’ की कहानी भारतीय दर्शकों से आगे इंटरनेशनल ऑडियंस तक पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें : ‘हनुमान अंश’ से पहले इन 6 फिल्मों में दिखी नीम करोली बाबा की कहानी, एक तो 3 महीने पहले ही हुई रिलीज
इंटरनेशनल रिलीज का ऐलान करते हुए हॉम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आस्था में जड़ें जमाए एक कहानी। सीमाओं से परे एक यात्रा। हमें गर्व है कि हॉम्बले फिल्म्स, हॉम्बले ओवरसीज के जरिए ‘हनुमान अंश’ को इंटरनेशनल ऑडियंस तक ले जा रही है। महाराज-जी की आध्यात्मिक यात्रा अब दुनिया तक पहुंचेगी, क्योंकि ‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज हो रही है।”
7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 10 लाख रुपए की ओपनिंग से शुरुआत की थी। इसके बाद पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के चलते कमाई में लगातार तेजी देखने को मिली। ट्रेड साइट सैकनिल्क के मुताबिक, 27वें दिन तक फिल्म ने भारत में 72.97 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन और 61.88 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है। जबकि इस फिल्म का बजट महज 1.8 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : बजट से 30 गुना कमा चुकी 'हनुमान अंश' का आएगा दूसरा पार्ट, जानिए क्या होगी कहानी?
नीम करोली बाबा की लोकप्रियता का दायरा सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। उनका नाम दुनिया की कई मशहूर हस्तियों से भी जुड़ा है। इनमें स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग और जूलिया रॉबर्ट्स शामिल हैं। बताया जाता है कि स्टीव जॉब्स 1974 में आध्यात्मिक मार्गदर्शन की तलाश में भारत आए थे और उत्तराखंड स्थित कैंची धाम भी गए थे। बाद में मार्क जुकरबर्ग ने भी मुश्किल दौर में स्टीव जॉब्स की सलाह पर कैंची धाम का दौरा किया था। जूलिया रॉबर्ट्स भी सार्वजनिक तौर पर बता चुकी हैं कि नीम करोली बाबा ने उनकी आध्यात्मिक यात्रा को प्रभावित किया। भारत में भी कई चर्चित हस्तियां यहां पहुंच चुकी हैं, जिनमें विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी शामिल हैं।
फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा से प्रेरित है, जिन्हें उनके भक्त महाराज-जी के नाम से भी जानते हैं। फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी हैं। नीम करोली बाबा को उनके अनुयायी भगवान हनुमान का अवतार मानते हैं। उनके विचार प्रेम, भक्ति और सेवा पर केंद्रित थे। 1960 और 1970 के दशक में कई पश्चिमी आध्यात्मिक साधक उनकी शिक्षाओं से प्रभावित हुए और भारत पहुंचे। इसी वजह से उनकी आध्यात्मिक विरासत का असर भारत की सीमाओं से बाहर भी दिखाई देता है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।