लागत से 30 गुना से ज्यादा कमा चुकी ‘हनुमान अंश’ की कहानी पर्दे से आगे बढ़ने वाली है। फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने इसके सीक्वल पर बड़ा अपडेट दिया है।
छोटी शुरुआत से बॉक्स ऑफिस पर बड़ा सरप्राइज देने वाली 'हनुमान अंश' अब सिर्फ कमाई के लिए ही चर्चा में नहीं है। विशाल चतुर्वेदी की यह आध्यात्मिक फिल्म दर्शकों के बीच लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसी बीच फिल्ममेकर ने साफ कर दिया है कि नीम करोली बाबा की कहानी अभी खत्म नहीं हुई। फिल्म के अंत में दिए गए संकेत के बाद अब दूसरे पार्ट पर काम भी शुरू हो चुका है। खास बात यह है कि अगली फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़े कई अहम पड़ाव और नई लोकेशन कहानी का हिस्सा बनेंगी। यानी दर्शकों को इस आध्यात्मिक सफर का अगला चैप्टर जल्द देखने को मिल सकता है।
'हनुमान अंश 2' में क्या दिखेगा?
'हनुमान अंश' के अंत में ऐसा संकेत दिया गया था कि नीम करोली बाबा की कहानी अभी अधूरी है। अब निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने आगरा के एक मल्टीप्लेक्स में दर्शकों से बातचीत के दौरान सीक्वल की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अगले भाग में बाबा की जिंदगी के महत्वपूर्ण अध्यायों को दिखाया जाएगा। कहानी उनके जन्मस्थान फिरोजाबाद से आगे बढ़कर आगरा, मथुरा और उनसे जुड़ी दूसरी जगहों तक जाएगी।
यह भी पढ़ें : Hanuman Ansh Vs Toxic: 500 की 'टॉक्सिक' पर भारी पड़ी 'हनुमान अंश', जानें दोनों फिल्मों की कमाई
क्या हनुमान अंश पहले से ट्रिलॉजी के तौर पर प्लान थी?
जी हां। फिल्म की घोषणा 20 फरवरी 2026 को हुई थी और उसी समय इसे तीन फिल्मों की आध्यात्मिक गाथा के रूप में प्लान किए जाने की जानकारी सामने आई थी। यह कहानी विशाल चतुर्वेदी की किताब डिवाइन डेटूर से प्रेरित है। फिल्म में शोभिनव सत्य ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है।
हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर कैसे बदला गेम?
7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ने महज 10 लाख रुपए की ओपनिंग की थी और पहले दो हफ्तों में सिर्फ 1.40 करोड़ रुपए जुटाए। लेकिन तीसरे हफ्ते में पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ ने तस्वीर बदल दी। फिल्म ने तीसरे हफ्ते में 10.40 करोड़ रुपए कमाए। चौथे हफ्ते में भी रफ्तार जारी रही और 24वें दिन 12.75 करोड़ रुपए का सबसे बड़ा सिंगल-डे कलेक्शन दर्ज किया। 26वें दिन फिल्म ने टॉक्सिक को भी पीछे छोड़ते हुए 8.50 करोड़ रुपए कमाए। अब भारत में इसका नेट कलेक्शन 54.74 करोड़ रुपए पहुंच चुका है, जो इसके बजट (लगभग 1.8 करोड़ रुपए) के मुकाबले 30 गुना से भी ज्यादा है।
यह भी पढ़ें : ‘हनुमान अंश’ में किसने किया नीम करोली बाबा का रोल? फिल्म मिलने की कहानी कर देगी हैरान!
फिल्म में शोभिनव सत्य के साथ चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे अहम भूमिकाओं में हैं। कहानी नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर केंद्रित है।
