‘हनुमान अंश’ की कमाई ने ट्रेड को चौंकाया, वहीं नीम करोली बाबा बने अभिनेता की चर्चा तेज है। आखिर कौन हैं नीम करोली बाबा का रोल करने वाला शोभिनव सत्य और कैसे मिला उन्हें ये बड़ा रोल?
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ रिलीज के बाद से बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। 7 अगस्त को सिनेमाघरों में आई यह फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है। कहानी में युवा नीम करोली बाबा का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्य को दर्शकों की खास तारीफ मिल रही है। दिलचस्प बात यह है कि एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले वह करीब एक दशक तक फिल्म इंडस्ट्री में पर्दे के पीछे काम कर चुके हैं। यहां तक कि वह इस फिल्म की टीम में असिस्टेंट डायरेक्टर भी थे। फिर उन्हें मुख्य भूमिका कैसे मिली और उनकी कहानी क्या है?
कौन हैं ‘हनुमान अंश’ के शोभिनव सत्य?
शोभिनव सत्य लखनऊ, उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) से पढ़ाई की और अभिनय की ट्रेनिंग हासिल की। बाद में वह ओपुलेंट स्कूल ऑफ एक्टिंग एंड फिल्म्स में टीचर भी बने।एक्टिंग से पहले उन्होंने बॉलीवुड में करीब एक दशक तक प्रोडक्शन से जुड़े काम किए। आईएमडीबी के अनुसार, उन्होंने असिस्टेंट डायरेक्टर, सेकंड यूनिट डायरेक्टर और स्क्रिप्ट/कंटिन्यूटी सुपरवाइजर जैसी जिम्मेदारियां भी संभाली हैं।

यह भी पढ़ें :Hanuman Ansh ने चौथे सोमवार बना डाला कमाई का बड़ा रिकॉर्ड, 2 को छोड़ बॉलीवुड की हर फिल्म को पछाड़ा
शोभिनव सत्य को नीम करोली बाबा का रोल कैसे मिला?
दिलचस्प बात यह है कि शोभिनव शुरुआत में ‘हनुमान अंश’ की टीम में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उनमें सहजता और स्वाभाविक प्रतिभा देखी और उन्हें युवा नीम करोली बाबा के किरदार के लिए स्क्रीन टेस्ट देने को कहा। रिपोर्ट के मुताबिक, रोल फाइनल करने से पहले उनका करीब पांच घंटे का स्क्रीन टेस्ट हुआ। इसके बाद उन्हें फिल्म में अभिनय का मौका मिला और यही उनका एक्टिंग डेब्यू भी बन गया।
‘हनुमान अंश’ में क्या है नीम करोली बाबा की कहानी?
फिल्म नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवन और आध्यात्मिक विकास को दिखाती है। कहानी एक ऐसे बच्चे से शुरू होती है, जो अपनी मां की असमय मौत के बाद उन्हें दोबारा पाने की चाह में आध्यात्मिक रास्ते पर निकल पड़ता है। भगवान राम की तलाश उसे गहरी साधना और भक्ति की ओर ले जाती है। फिल्म उनकी 13 साल की उम्र से एक लोकप्रिय आध्यात्मिक गुरु बनने तक की यात्रा को सामने लाती है।

यह भी पढ़ें : 10 PHOTO: कौन है ब्लॉकबस्टर 'हनुमान अंश' की एक्ट्रेस, जो फिल्म में बनी नीम करोली बाबा की पत्नी?
‘हनुमान अंश’ की कमाई कितनी रही?
फिल्म ने उम्मीद से बेहतर बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 1.8 करोड़ रुपए के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ भारत में अब तक 43.83 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म में शोभिनव सत्य की परफॉर्मेंस इस सफलता के बीच चर्चा का अहम हिस्सा बन गई है और दर्शक अब उनके बारे में जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
