
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है। रिलीज के बाद से ही फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है और अब इसने दुनियाभर में 800 करोड़ रुपए का आंकड़ा भी पार कर लिया है। खास बात यह है कि फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो इसे तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों की कतार में खड़ा करता है। 18वें दिन भी फिल्म ने करोड़ों की कमाई की। आइए जानते हैं कि ‘जेलर 2’ का अब तक का कलेक्शन कितना पहुंचा है।
Sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जेलर 2’ ने रिलीज के 18वें दिन भारत में 8,906 शोज से 11.20 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। इसमें तमिल वर्जन ने 4,287 शोज से 8 करोड़ रुपए कमाए। वहीं, हिंदी वर्जन की कमाई 3,592 शोज से 1.75 करोड़ रुपए रही। तेलुगु वर्जन ने 777 शोज से 1 करोड़ रुपए और कन्नड़ वर्जन ने 250 शोज से 45 लाख रुपए का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 456.30 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 533.75 करोड़ रुपए हो गया है।
भारत के अलावा विदेशी बाजारों में भी रजनीकांत की फिल्म का प्रदर्शन शानदार बना हुआ है। 18वें दिन फिल्म ने विदेशों में 3 करोड़ रुपए की कमाई की। इसके साथ ही इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 273.50 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर ‘जेलर 2’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 807.25 करोड़ रुपए हो चुका है। यानी फिल्म ने दुनियाभर में 800 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है।
807 करोड़ रुपए से ज्यादा की वर्ल्डवाइड कमाई के साथ ‘जेलर 2’ साल 2026 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इस लिस्ट में यह सिर्फ ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से पीछे है। वहीं, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 533.75 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इसके साथ ही इसने रजनीकांत की फिल्म ‘2.0’ को पीछे छोड़ते हुए भारत में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
नेल्सन दिलीपकुमार लिखी और निर्देशित की गई ‘जेलर 2’ साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ का सीधा सीक्वल है। इस फिल्म के जरिए डायरेक्टर और रजनीकांत की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। कलानिधि मारन ने सन पिक्चर्स के बैनर तले इसका निर्माण किया है। फिल्म में रजनीकांत के अलावा एसजे सूर्या, विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिर्ना मेनन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। यह फिल्म 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।