
सूर्या की इस साल की पहली रिलीज ‘करुप्पु’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन रिलीज से ठीक पहले फिल्म मुश्किलों में फंसती नजर आ रही है। एक तरफ UAE से वायरल हो रहे शुरुआती रिव्यू ने फिल्म को सिर्फ 1.5 स्टार देते हुए ‘बेहद खराब’ बताया है, तो दूसरी तरफ फाइनेंशियल विवादों के चलते तमिलनाडु समेत कई जगहों पर सुबह 9 बजे वाले शो कैंसिल कर दिए गए। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म करीब 20 साल बाद तृषा कृष्णन और सूर्या को एक साथ लेकर आई है। इस बीच निडायरेक्टर आरजे बालाजी ने फैंस से भरोसा बनाए रखने की अपील की है।
‘करुप्पु’ को आरजे बालाजी ने डायरेक्ट किया है और इसे ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में सूर्या, तृषा कृष्णन और आरजे बालाजी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि लगभग 20 साल बाद सूर्या और तृषा की जोड़ी बड़े पर्दे पर लौटी है। इससे पहले दोनों ‘मौनम पेसियाधे’, ‘आयुथा एझुथु’ और ‘आरू’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आए थे। फिल्म में इंद्रांस, नट्टी सुभ्रमण्यम, स्वासिका, शिवदा, सुप्रीत रेड्डी और योगी बाबू जैसे कलाकार भी शामिल हैं। खास बात यह है कि सूर्या इसमें डबल रोल निभा रहे हैं।
रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर UAE और पाकिस्तान बेस्ड एक यूजर का रिव्यू तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर ने फिल्म को 1.5 स्टार देते हुए लिखा, “यह बेहद खराब फिल्म है।” इस रिव्यू के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर बहस तेज हो गई। हालांकि कई फैंस का मानना है कि शुरुआती रिव्यू पर भरोसा करने के बजाय थिएटर में फिल्म देखने के बाद ही फैसला करना चाहिए।
फिल्म अब अपने कंटेंट से ज्यादा रिलीज विवाद को लेकर चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तमिलनाडु समेत कई जगहों और विदेशों में भी ‘करुप्पु’ के सुबह 9 बजे वाले शो रद्द कर दिए गए हैं। प्रोड्यूसर एसआर प्रभु ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अपरिहार्य कारणों की वजह से ‘करुप्पु’ के 9 बजे वाले शो रद्द किए जा रहे हैं। हम सभी से दिल से माफी मांगते हैं।” वहीं आरजे बालाजी ने फैंस को भरोसा दिलाते हुए लिखा, “मेरे प्यारे फैंस, मौजूदा स्थिति पर मेरे पास कोई ठोस जवाब नहीं है। प्रोड्यूसर्स पूरी कोशिश कर रहे हैं कि सभी मुश्किलें दूर हो जाएं। इस फिल्म के सामने हमेशा मुश्किलें आई हैं, लेकिन भगवान ने हर बार हमें पार लगाया है। इस बार भी मुझे पूरा भरोसा है। ‘करुप्पन’ हर रुकावट तोड़ देगा। ‘करुप्पु’ कल सुबह शानदार तरीके से रिलीज होगी। भरोसा रखिए, सब होगा।”
फिल्म के प्रमोशन के दौरान सूर्या ने आरजे बालाजी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा आरजे बालाजी को ‘डायरेक्टर’ कहकर बुलाता हूं। उनके सफर के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। वह मल्टी टैलेंटेड हैं—आरजे, कमेंटेटर, एक्टर, राइटर और डायरेक्टर। लेकिन वह एक शानदार दोस्त, पिता और टीम लीडर भी हैं। मुझे उनके साथ समय बिताना बहुत पसंद आया।”
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।