
Salman Khan Lawrence Bishnoi Dispute: बॉलीवुड, अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर नेटवर्क का कनेक्शन कोई नई कहानी नहीं है। 1990 के दशक में फिल्म इंडस्ट्री में अंडरवर्ल्ड की कथित दखलअंदाजी की चर्चाएं सुर्खियों में रहती थीं। लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि क्या मुंबई में एक बार फिर फिल्मी सितारों को धमकियों, जबरन वसूली और फायरिंग के जरिए डराने का दौर लौट रहा है? इस चर्चा के केंद्र में है लॉरेंस बिश्नोई गैंग और बॉलीवुड के कई फेमस नाम, सलमान खान, रोहित शेट्टी, रणवीर सिंह, आमिर खान और अब टाइगर श्रॉफ। अलग-अलग मामलों में धमकियों, गोलीबारी और हत्या की घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इस आर्टिकल में जानिए आखिर सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद कहां से शुरू हुआ? बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में क्या सामने आया? रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह को मिली धमकियों का इससे क्या संबंध है? और टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर बहस क्यों तेज हो गई है?
रविवार, 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। 7 राउंड फायरिंग में टाइगर बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है। पुलिस ने एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और हमलावरों की तलाश शुरू की। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने ली। एक मैसेज में उसने कहा कि सलमान खान के साथ काम करने की वजह से टाइगर श्रॉफ पर ये हमला किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। इससे पहले सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी, फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग और रणवीर सिंह-आमिर खान को कथित धमकियों के मामले सामने आ चुके हैं।
इस विवाद की शुरुआत आज से करीब 28 साल पहले हुई थी। बात 1998 की है, जब राजस्थान में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग चल रही थी। इसी दौरान सलमान खान पर काले हिरण का शिकार करने का आरोप लगा और उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। बिश्नोई समुदाय में काले हिरण को विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व दिया जाता है। इसी को लेकर लॉरेंस बिश्नोई ने कई मौकों पर सलमान खान को लेकर नाराजगी जताई। वह कई बार सलमान खान से इस मामले में खुलेआम माफी मांगने की मांग कर चुका है और ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे चुका है।
देखने में ये मामला सिर्फ काले हिरण का लगता है, लेकिन जांच एजेंसियों का मानना है कि सलमान खान को निशाना बनाने के पीछे गैंग का असली मकसद अपनी ताकत दिखाना, डर का माहौल बनाना और जबरन वसूली (Extortion) करना है। 2026 में पब्लिश एक 'अमेरिकी संघीय अभियोग' (US Federal Indictment) से जुड़ी रिपोर्ट्स में प्रॉसीक्यूटर्स ने आरोप लगाया, सलमान खान को लगातार धमकियां देना लॉरेंस गैंग की एक सोची-समझी साजिश है, ताकि वह अंडरवर्ल्ड में अपना बड़ा नाम और खौफ कायम कर सके।
14 अप्रैल 2024 को मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की गई। इस मामले में पुलिस ने जांच की और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की। घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गईं। इस घटना ने कई बड़े सवाल खड़े किए, कड़ी सुरक्षा वाले इलाके में एक्टर के घर के बाहर हमलावर कैसे पहुंचे? क्या फायरिंग का मकसद सलमान खान को सीधे नुकसान पहुंचाना था या उन्हें डराना? क्या इस घटना का इस्तेमाल गैंग की पहचान और दबदबा बढ़ाने के लिए किया गया? लेकिन इस घटना के बाद सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विवाद काफी ज्यादा चर्चा में आ गया।
12 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सलमान खान समेत बॉलीवुड की कई प्रमुख हस्तियों के करीबी माने जाते थे। मुंबई पुलिस की जांच में हत्या के आरोपियों के लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध सामने आए। इस मामले ने सलमान खान की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी। बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद इस आशंका पर चर्चा तेज हुई कि फिल्मी सितारों से करीबी रखने वाले लोग भी आपराधिक नेटवर्क की धमकियों के दायरे में आ सकते हैं।
1 फरवरी 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के आवास के बाहर फायरिंग हुई। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं थी, लेकिन पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में जांच की। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर इसकी जिम्मेदारी ली और मामले में गिरफ्तारियां भी हुईं।
रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी के बाद अभिनेता रणवीर सिंह से जुड़ी धमकियों की खबरें भी सामने आईं। फरवरी 2026 में मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर एक वॉइस नोट मिला, जिसमें 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की मांग किए जाने की बात कही गई। इसके बाद कथित तौर पर हैरी बॉक्सर नाम से अपनी पहचान बताने वाले की ओर से धमकी भरा ऑडियो मैसेज भी सामने आया, जिसमें रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को निशाना बनाया गया।
जुलाई 2026 में अभिनेता आमिर खान से जुड़ा एक कथित धमकी का मामला सामने आया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट और एक ऑडियो क्लिप में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले लोगों ने आमिर खान पर आरोप लगाए और उन्हें धमकी दी। ये मामला आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी के बाद सामने आया था। कथित मैसेज में उनकी पर्सनल लाइफ और शादी को लेकर आपत्तिजनक आरोप लगाए गए। इसे लव जिहाद से जोड़कर देखा गया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।