
Peddi Movie Trailer Out: रामचरण तेजा की फिल्म ‘पेड्डी’ का ट्रेलर सोमवार को रिलीज हुआ। बता दें कि डायरेक्टर बुची बाबू सना की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म पेड्डी के लिए राम चरण तेजा ने अपना लुक पूरी तरह बदल लिया है। फिल्म में राम चरण ‘पेड्डी’ नाम के एक क्रॉसओवर एथलीट का किरदार निभा रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में उनका किरदार एक या दो नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेता दिखाई देगा। हर खेल के लिए उन्हें अपने शरीर, लुक और स्क्रीन प्रेजेंस पर अलग तरीके से काम करना पड़ा, ताकि किरदार पूरी तरह रियल लगे।
मुंबई में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान राम चरण से उनके ट्रांसफॉर्मेशन के बारे में सवाल पूछा गया। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले सलमान खान और आमिर खान का शुक्रिया अदा किया। राम चरण ने कहा, “सबसे पहले सलमान सर और आमिर सर का धन्यवाद, जिन्होंने ‘सुल्तान’ और ‘दंगल’ जैसी फिल्मों के जरिए हमारे लिए ऐसी फिल्मों का रास्ता बनाया। इससे हमें काफी आत्मविश्वास मिला।” उन्होंने आगे कहा कि इन फिल्मों की सफलता ने उन्हें यह भरोसा दिया कि स्पोर्ट्स ड्रामा जैसी कहानियां दर्शकों को पसंद आती हैं।
राम चरण ने बताया कि Peddi की शूटिंग सिर्फ शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी काफी चुनौतीपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि कहानी सुनते ही उन्हें समझ आ गया था कि यह किरदार निभाना आसान नहीं होगा। राम ने बताया, “लुक बदलना कहानी का अहम हिस्सा था। मुझे याद है कि बुची बाबू मेरे घर आए थे और उन्होंने बैठकर पूरी स्क्रिप्ट सुनाई थी। करीब 2 घंटे 40 मिनट तक मैं सिर्फ कहानी सुनता रहा। उस वक्त मुझे समझ आ गया था कि यह फिल्म शारीरिक रूप से काफी थकाने वाली होगी, लेकिन इस कहानी और किरदार के लिए यह सब जरूरी था।”
राम चरण ने फिल्म की कहानी के बारे में भी विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ खेलों पर आधारित फिल्म नहीं है, बल्कि एक इंसान की पहचान की तलाश की कहानी है। उन्होंने कहा, “यह एक ऐसे इंसान की कहानी है जो अपनी पहचान ढूंढ रहा है। हम सभी को जिंदगी में आगे बढ़ने और हर दिन जीने के लिए किसी न किसी पहचान की जरूरत होती है। पेड्डी भी अपनी पहचान तलाश रहा है।” राम ने आगे बताया कि फिल्म में उनका किरदार पहले पहचान के संकट से गुजरता है और फिर खुद को साबित करने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा, “आखिर किस चीज ने उसे एक क्रॉसओवर एथलीट बनने के लिए प्रेरित किया, यह पूरी कहानी उसी सफर को दिखाती है। यह कहानी काफी स्वाभाविक लगती है, लेकिन साथ ही पूरी तरह कमर्शियल भी है।”
फिल्म में राम चरण को क्रिकेट खेलते, कुश्ती करते और दौड़ते हुए दिखाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने खास ट्रेनिंग भी ली है। Peddi को बुची बाबू सना ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म का निर्माण वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले वेंकट सतीश किलारू ने किया है, जबकि ईशान सक्सेना सह-निर्माता हैं। फिल्म को मैत्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स प्रस्तुत कर रहे हैं।
Peddi में राम चरण तेजा के साथ जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।