
रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ से अचानक अलग होने के बाद शुरू हुआ विवाद अब फिल्म इंडस्ट्री के भीतर बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। FWICE यानी फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज और डायरेक्टर संजय गुप्ता के बीच इस मामले को लेकर खुली बहस छिड़ गई है। जहां संजय गुप्ता ने FWICE के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे कदम से स्टार्स का नहीं बल्कि मजदूरों का नुकसान होता है, वहीं FWICE ने पलटवार करते हुए साफ किया कि रणवीर सिंह पर कोई बैन नहीं लगाया गया है। इस पूरे विवाद के बीच अब एक्टर रणवीर सिंह ने भी आधिकारिक बयान जारी कर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ से बाहर होने के बाद फिल्म के प्री-प्रोडक्शन में भारी नुकसान की बात सामने आई थी। इसके बाद FWICE ने एक्टर के खिलाफ ‘नॉन-कोऑपरेशन डिक्लेरेशन’ जारी किया। हालांकि इस फैसले को लेकर इंडस्ट्री में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
यह भी पढ़ें : Ranveer Singh Biggest Controversies: रणवीर सिंह के वो 6 विवाद, जिनके चलते उड़ी उनकी रातों की नींद!
'राम शास्त्र', 'कांटे', 'शूटआउट एट वडाला', 'जज्बा', 'काबिल', मुंबई सागा' और 'द मिरांडा ब्रदर्स' जैसी फिल्मों के डायरेक्टर संजय गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर FWICE के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “जब कोई ए-लिस्ट हीरो शूटिंग करता है तो सेट पर 300 से ज्यादा वर्कर्स काम करते हैं। अगर आप उसे बैन करते हैं तो आप उसे नहीं रोक रहे, बल्कि मजदूरों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं। आखिर इसका क्या मतलब है?” उनका यह बयान तेजी से वायरल हो गया और इंडस्ट्री में नई बहस शुरू हो गई।
FWICE के महासचिव अशोक दुबे ने संजय गुप्ता की आलोचना पर रिएक्शन देते हुए उनकी फिल्म ‘मुंबई सागा’ का पुराना मामला याद दिलाया। उन्होंने कहा, “मैं संजय गुप्ता जी से पूछना चाहता हूं कि कुछ साल पहले जब उनकी फिल्म ‘मुंबई सागा’ की शूटिंग चल रही थी और जैकी श्रॉफ ने आने से मना कर दिया था, तब IFTDA और फेडरेशन ने मिलकर ही समस्या सुलझाई थी। तब यह आपत्ति कहां थी?” उन्होंने आगे कहा, “हमने किसी को बैन नहीं किया है। हमने सिर्फ नॉन-कोऑपरेशन कहा है। यह फेडरेशन के सदस्यों का फैसला और फिल्म बॉडी का आंतरिक मामला है।”
यह भी पढ़ें : Ranveer Singh पर बैन लगाने वाली FWICE क्या है, जिसके फैसलों से कांपते हैं बड़े-बड़े स्टार्स!
विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह की तरफ से भी आधिकारिक बयान जारी किया गया। बयान में उनकी टीम की ओर से कहा गया, “रणवीर सिंह फिल्म बिरादरी और ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी से जुड़े हर व्यक्ति का बेहद सम्मान करते हैं। ‘डॉन 3’ से जुड़े हालिया घटनाक्रम के दौरान उन्होंने जानबूझकर चुप्पी बनाए रखी, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाएं और निजी संबंध गरिमा, समझदारी और आपसी सम्मान के साथ संभाले जाने चाहिए।”
रिपोर्ट्स के अनुसार यह विवाद अब प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया तक पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि कई वरिष्ठ निर्माताओं ने रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।