
कर्नाटक हाई कोर्ट की फटकार के बावजूद कमल हासन ने अपने बयान 'कन्नड़ का जन्म तमिल से हुआ' पर माफ़ी मांगने से इनकार कर दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि वे अपनी फिल्म 'ठग लाइफ' कर्नाटक में रिलीज नहीं करेंगे। दरअसल, मंगलवार (3 जून) को कर्नाटक हाईकोर्ट ने कमल हासन को अपना रुख स्पष्ट करने के लिए 2:30 बजे तक समय दिया था। लंच के बाद जब फिर सुनवाई शुरू हुई तो हासन के वकील ने उनकी ओर से माफ़ी मांगने से मना किया।
कमल हासन के वकील ने माफ़ी मांगने से इनकार करते हुए कहा, "एक्टर के मन में कन्नड़ के प्रति बेहद सम्मान है। इससे ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है।"उन्होंने कहा, "फिलहाल पुलिस प्रोटेक्शन की जरूरत नहीं है, क्योंकि फिल्म (ठग लाइफ) यहां रिलीज नहीं होगी। हम फिल्म चैम्बर से बात करेंगे।" जवाब में कोर्ट ने कहा, "यह आपका घमंड बोल रहा है।"
कमल हासन के वकील ने कोर्ट में कर्नाटक फिल्म चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स को लिखा लेटर पढ़ा, जिसमें सुपरस्टार ने स्पष्ट किया है कि 'ठग लाइफ' के ऑडियो लॉन्च के दौरान किए गए उनके कमेंट को गलत संदर्भ में लिया गया। एक्टर ने KFCC को लिखे लेटर में अपना दर्द बयां करते हुए लिखा है, "मुझे यह जान कर तकलीफ हुई कि 'ठग लाइफ' के ऑडियो लॉन्च के दौरान दिग्गज स्टार डॉ. राजकुमार की फैमिली खासकर शिव राजकुमार के प्रति प्यार में दिए गए मेरे बयान को गलत समझा गया।" उनके मुताबिक़, वे सिर्फ यह मैसेज देना चाहते थे कि हम सब एक हैं। एक ही भाषाई परिवार से है। इसका मकसद कन्नड़ भाषा को कमतर आंकना नहीं था। वे लिखते हैं, "कन्नड़ भाषा की समृद्ध विरासत को लेकर कोई विवाद या बहस नहीं है।"
कमल हासन ने फिल्म बॉडी को लिखे पत्र में यह मेंशन किया है कि तमिल की तरह कन्नड़ भाषा की भी गौरवशाली साहित्यिक और सांस्कृतिक परम्परा है, जिससे वे लंबे समय से प्रशंसक रहे हैं। वे लिखते हैं, "अपने पूरे करियर में कन्नड़ भाषी समुदाय से मिली गर्मजोशी और प्यार को मैंने संजोकर रखा है।" कमल हासन ने स्पष्ट किया कि कन्नड़ भाषा के प्रति उनका प्यार सच्चा है। वे कन्नड़भाषियों का अपनी भाषा के प्रति प्यार के लिए उनके मन में बेहद सम्मान है। वे कहते हैं कि तमिल, कन्नड़, तेलुगु, मलयालम और सभी भारतीय भाषाओं से उनका जुड़ाव दिल से है।
कर्नाटक हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई 10 जून तक के लिए स्थगित कर दी है। जबकि कमल हासन की फिल्म ‘ठग लाइफ’ इससे 5 दिन पहले 5 जून को रिलीज हो रही है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।