
सुपरस्टार रजनीकांत के बड़े भाई सत्यनारायण गायकवाड़ को हार्ट अटैक आने के बाद अचानक बेंगलुरु के नारायणा हृदयालय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यह अस्पताल बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक सिटी में मौजूद है। जैसे ही रजनीकांत को अपने 84 वर्षीय बड़े भाई के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली, वे चेन्नई से बेंगलुरु रवाना हुए और शनिवार सुबह अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना। रजनी के फैन उनके भाई की सलामती और स्वस्थ होकर घर लौटने की दुआ कर रहे हैं। सत्यनारायण गायकवाड़ अभी आईसीयू में भर्ती हैं और डॉक्टर्स की निगरानी में हैं। हालांकि, अभी तक उनकी हालत को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अपने बड़े भाई से अस्पताल में मिलने पहुंचे रजनीकांत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें डॉक्टर्स की टीम के साथ देखा जा सकता है। रजनीकांत अपने बड़े भाई सत्यनारायण गायकवाड़ का बहुत सम्मान करते हैं। वे उन्हें पिता तुल्य मानते हैं। कई मौकों पर यह बात वे खुलकर स्वीकार कर चुके हैं।
रजनीकांत चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। उनका असली नाम शिवाजी राव गायकवाड़ है। रजनीकांत के पिता रामोजी राव गायकवाड़ पुलिस कांस्टेबल थे। रजनी के दो बड़े भाई हैं। इनमें एक का नाम सत्यनारायण गायकवाड़ और दूसरे का नाम नागेश्वर राव गायकवाड़ है। उनकी एक बहन भी है। रिपोर्ट्स की मानें तो रजनी उस वक्त 9 साल के थे, जब उनकी मां का निधन हो गया था।
वर्क फ्रंट की बात करें तो रजनीकांत 1975 से लगातार फिल्मों में काम कर रहे हैं। वे तमिल और हिंदी फिल्मों के सुपरस्टार हैं। उन्हें साउथ का गॉड भी कहा जाता है। वे कन्नड़ , तेलुगु और मलयालम फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। 'बिल्ला', 'अंधा क़ानून', रोबोट' और 'शिवाजी : द बॉस' जैसी कई शानदार फ़िल्में दे चुके रजनीकांत को पिछली बार 'कुली' में देखा गया था , जिसने एवरेज प्रदर्शन किया। उनकी आने वाली फिल्मों में 'जेलर 2' और फिल्ममेकर सुंदर सी. की अनाम फिल्म शामिल हैं।