
एंटरटेनमेंट डेस्क. इन दिनों रेणुका स्वामी मर्डर केस (Renukaswamy Murder Case) सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। हत्या मामले में रोज नया अपडेट सामने आ रहा है। बता दें कि इस मर्डर केस का मास्टर माइंड कन्नड़ एक्टर दर्शन थुगुदीपा (Darshan Thoogudeepa) हैं। उन्होंने ही रेणुका स्वामी की हत्या की साजिश रची और अपने साथियों के साथ मिलकर पूरे कांड को अंजाम दिया। बता दें कि दर्शन के फैन रेणुका स्वामी उनकी करीबी और को-स्टार पवित्रा गौड़ा को अश्लील मैसेज भेज रहा था। जब दर्शन को यह बात पता चली तो उन्होंने रेणुका स्वामी को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। पुलिस ने अभी तक केस में 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानते हैं इस खौफनाक हत्याकांड में किसने क्या रोल प्ले किया।
रेणुका स्वामी हत्याकांड में 17 आरोपी अरेस्ट
रिपोर्ट्स की मानें तो कर्नाटक पुलिस ने 33 साल के रेणुका स्वामी की हत्या के मामले में मंगलवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया, जिससे गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 17 हो गई है। रेणुका स्वामी का शव 9 जून को बेंगलुरु में एक फ्लाईओवर के पास मिला था। दो दिनों के अंदर कर्नाटक पुलिस ने एक्टर दर्शन थुगुदीपा को गिरफ्तार किया। जांच से पता चला कि उनके डायरेक्शन में एक गिरोह ने रेणुका स्वामी का अपहरण कर हत्या की थी। केस में अब तक गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन और उनके 16 सहयोगी शामिल हैं। बता दें कि रेणुका स्वामी की हत्या की साजिश में हर आरोपी ने कथित तौर पर अपना-अपना रोल प्ले किया था।
रेणुकास्वामी हत्याकांड में किसने क्या किया?
पवित्रा गौड़ा: पुलिस की मानें तो पवित्रा गौड़ा क्राइम सीन पर मौजूद थी और बेंगलुरु के पट्टानगी इलाके में एक पार्किंग यार्ड में अन्य लोगों द्वारा रेणुका स्वामी को प्रताड़ित करने से पहले उन्होंने उसे चप्पल से मारा था।
दर्शन थुगुदीपा: पुलिस के हिसाब से मामले में मुख्य साजिश रचने वाले दर्शन थुगुदीपा हैं, जिन्होंने रेणुका स्वामी के अपहरण और हत्या में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने रेणुका स्वामी के अपहरण के लिए पैसे दिए। उन्होंने हत्या का आरोप अपने ऊपर लेने वाले चार लोगों को 5-5 लाख रुपए दिए थे। पुलिस ने कहा कि दर्शन हत्या के बाद सबूत नष्ट करने में भी शामिल हैं।
राघवेंद्र: मामले में गिरफ्तार राघवेंद्र, दर्शन फैन्स एसोसिएशन का चीफ है। पुलिस का कहना है कि उसने दर्शन और पवित्रा के लिए रेणुका स्वामी का अपहरण किया था।उसने कहा कि वह भी क्राइम सीन पर मौजूद था।
पवन: पुलिस की मानें तो मामले में गिरफ्तार चौथे आरोपी की पहचान पवन के रूप में हुई है, जो रेणुका स्वामी के अपहरण के दौरान राघवेंद्र के संपर्क में था। उसने दर्शन के घर पर नौकर के रूप में भी काम किया। पुलिस का कहना है कि पवन ने रिश्वत देने और अपराध को छुपाने के लिए कन्नड़ एक्टर से 30 लाख रुपए लिए थे।
नंदीश: पुलिस ने पांचवें आरोपी नंदीश को यह जानने के बाद गिरफ्तार किया कि वह उस गिरोह का हिस्सा था, जिसने रेणुका स्वामी पर हमला किया और उनकी हत्या की। पुलिस का कहना है कि उसने एक अन्य आरोपी धनराज को पीड़ित को बिजली के झटके देने के लिए इलेक्ट्रिक मेगर लाने को कहा था।
जगदीश: छठा आरोपी जगदीश है, जो रेणुका स्वामी के अपहरण में शामिल था और वो ही चित्रदुर्ग से उसे बेंगलुरु शेड तक लाया था, जहां प्रताड़ित कर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने कहा कि सातवां आरोपी अनुकुमार भी अपहरण टीम में शामिल था और हत्या के बाद भाग गया था। वहीं, आठवें आरोपी रविशंकर ने कार चलाई जिसका इस्तेमाल रेणुका स्वामी के अपहरण में किया गया था।
धनराज: मांड्या का एक केबल वर्कर धनराज, रेणुका स्वामी को बिजली का झटका देने के लिए पट्टानगेरे शेड में केबल तार लेकर आ था। वहीं, आरोपी विनय, दर्शन का करीबी है, उसने रेणुका स्वामी की हत्या को छुपाने के लिए स्थानीय पुलिस अधिकारी से सलाह ली थी। आरोपी नागराजू, दर्शन का मैनेजर है, जिसने हत्या के बाद रेणुका स्वामी के कपड़े बदले थे। दर्शन के ड्राइवरों में से एक, लक्ष्मण भी शेड में मौजूद था और उसने रेणुका स्वामी पर हमला किया। उसने शव को ले जाने की व्यवस्था की थी।
दीपक: पुलिस की मानें तो दीपक ने उन तीन लोगों को 5-5 लाख रुपए दिए थे, जिन्होंने रेणुका स्वामी की हत्या का आरोप अपने ऊपर लिया था। वहीं, प्रदोष को खर्चे के लिए दर्शन से 30 लाख रुपए मिले थे। उन्होंने तीन-चार लोगों को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने और हत्या का दोष अपने ऊपर लेने के लिए भी राजी किया था।
कार्थी: पुलिस के हिसाब से मामले में 15वां आरोपी कार्थी, जो पट्टानगेरे शेड में काम करता था, जहां रेणुका स्वामी पर हमला कर हत्या की गई थी। उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। वहीं, पुलिस ने केशवमूर्ति को गिरफ्तार किया था क्योंकि वह घटना के समय दर्शन के साथ मौजूद था।
निखिल: हत्या के बाद निखिल को 5 लाख रुपए मिले थे और यहीं रेणुका स्वामी का शव लेकर गया था। इसके बाद उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। बता दें कि मामले में गिरफ्तार किए गए 17 लोगों के अलावा पुलिस ने दो अन्य पुनीत और हेमंत का इस कांड में क्या रोल था, की जांच कर रही है।
- बता दें कि बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि रेणुका स्वामी हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को सजा मिले और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। उन्होंने कहा कि यह भयावह तरीके से किया गया जघन्य अपराध है। हमारे अधिकारी केस पर काम कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें...
इन 9 तमिल फिल्मों को हिंदी में बना खूब छापे नोट, 4 ने पलटा था BO गणित
इस चमकदार होटल में होगा सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल का रिसेप्शन, PHOTOS
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।