
एंटरटेनमेंट डेस्क. रामानंद सागर के मायथोलॉजिकल शो 'श्री कृष्णा' में भगवान कृष्ण की किशोरावस्था का रोल निभाने वाले स्वप्निल जोशी 47 साल के हो गए हैं। 18 अक्टूबर 1977 को जन्मे स्वप्निल जोशी उस वक्त 16 साल के थे, जब उन्होंने 1993 में आए 'श्री कृष्णा' भगवान कृष्ण का रोल किया था और घर-घर में भगवान के रूप में ही पॉपुलर हो गए थे। उन्होंने भगवान कृष्ण का रोल इतनी शिद्दत के साथ निभाया कि लोग उन्हें असली श्रीकृष्ण मानने लगे थे और उनके पैर छूने लगे थे। लोग उनके दर्शन करने शो के सेट पर पहुंचने लगे थे। रातों रात भगवान बने स्वप्निल का यह दूसरा टीवी शो था। इससे पहले भी रामानंद सागर के साथ एक मायथोलॉजिकल शो कर चुके थे।
यह था स्वप्निल जोशी का पहला टीवी शो
स्वप्निल जोशी का पहला टीवी शो 'उत्तर रामायण' था, जो 1989 में आया था। इस शो के निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर ही थे। शो में स्वप्निल ने भगवान राम (अरुण गोविल) और सीता मैया (दीपिका चिखलिया) के बड़े बेटे कुश का किरदार निभाया था। उस वक्त वे महज 12 साल के थे, लेकिन कुश के रोल में उन्होंने जान फूंक दी थी। उन्होंने कुछ इस तरह यह किरदार निभाया कि जब पर्दे पर वे राम कथा सुनाते नज़र आए और उसमें सीताजी के बनवास वाली कथा आई तो टीवी देखने वाला लगभग हर दर्शक रो पड़ा था।
एक बातचीत में स्वप्निल ने अरुण गोविल और दीपिका चिखालिया के साथ काम करने का अनुभव शेयर किया था। उन्होंने कहा था, "मुझे याद है कि मैंने सेट पर सभी के साथ बहुत अच्छा वक्त बिताया। फिर चाहे श्री राम का रोल करने वाले अरुण सर हों या सीता मैया का किरदार निभाने वाली दीपिका जी और लक्ष्मण जी की भूमिका में दिखे सुनील सर हों। सभी मेरा काफी ख़याल रखते थे। हमने बहुत अच्छा समय बिताया। उस वक्त हम एक परिवार की तरह काम करते थे।"
बड़े होकर कई फिल्मों और टीवी शोज में नज़र आए स्वप्निल जोशी
स्वप्निल जोशी ने बड़े होने के बाद टीवी पर 'अमानत', 'हद कर दी', 'देश में निकला होगा चांद', 'हरे कांच की चूड़ियां', 'सजन रे झूठ मत बोलो' और पापड़पोल : शाहबुद्दीन राठौड़ की रंगीन दुनिया' जैसे शो किए। उन्होंने 'गुलाम-ए-मुस्तफा', 'दिल विल प्यार व्यार', 'दुनियादारी', 'प्यार वाली लव स्टोरी', 'वेलकम जिंदगी', 'मुंबई पुणे मुंबई (1 और 2), 'भिखारी' और बाली जैसी हिंदी और मराठी फिल्मों में भी काम किया है।
असल लाइफ में दो शादियां कर चुके स्वप्निल जोशी
स्वप्निल जोशी रियल लाइफ में दो शादियां कर चुके हैं। उनकी पहली शादी 2005 में पेशे से डेंटिस्ट अपर्णा नाम की लड़की से हुई। हालांकि, कुछ साल बाद ही उनके बीच मनमुटाव हुआ और उन्होंने 2009 में तलाक ले लिया। 2011 में स्वप्निल की दूसरी शादी लीना आराध्ये से हुई। कपल के दो बच्चे बेटा राघव जोशी और बेटी मेरा जोशी हैं। स्वप्निल और लीना एक-दूसरे के साथ बेहद खुश हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अब स्वप्निल मराठी टीवी और फिल्मों में एक्टिव हैं। वे 'कौन बनेगा करोड़पति' का मराठी वर्जन होस्ट कर चुके हैं। उनकी पिछली मराठी फिल्म 'नवरा मज़ा नवसाचा 2' सितम्बर में रिलीज हुई थी। उनकी अगली मराठी फिल्म 'Sutka'फिलहाल प्रोडक्शन स्टेज में है।
और पढ़ें…
डॉन का ऐसा खौफ कि हीरोइन की वैनिटी वैन में छुपे शाहरुख़ खान, फिर सेट से भाग गए!
उसका हाथ मेरे कपड़ों के अंदर था और...', जब एक्ट्रेस ने किया शॉकिंग खुलासा
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।