
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ का फुल-लेंथ ट्रेलर रिलीज हो गया है और इसे देखकर साफ है कि इस बार पर्दे पर जासूसी की कहानी थोड़ी हटके अंदाज में दिखाई जाने वाली है। फिल्म में एक तरफ एक्शन और स्पाई मिशन है, तो दूसरी तरफ कॉमेडी और ऐसा कन्फ्यूजन है, जो पूरी कहानी को मजेदार बना देता है। सबसे बड़ा ट्विस्ट आयुष्मान के किरदार बिलाल अहमद से जुड़ा है, जो पाकिस्तान की तरफ से भारत में जासूसी करने आता है, लेकिन फिर उसकी याददाश्त ही उसका मिशन उलट देती है।
ट्रेलर की शुरुआत पाकिस्तान की तरफ से भारत में एक जासूस भेजने की तैयारी से होती है। इस मिशन के लिए आयुष्मान खुराना के किरदार बिलाल अहमद को चुना जाता है। वह आर्मी से जुड़ा हुआ है और उसे भारत भेजने की तैयारी की जाती है। लेकिन कहानी यहां एक जबरदस्त ट्विस्ट लेती है। जिस शख्स को पाकिस्तान भारत की जासूसी के लिए भेजता है, वही आगे चलकर भारत के लिए देशभक्ति दिखाने लगता है। ट्रेलर में बिलाल हाथ में तिरंगा लिए नजर आता है और उसके मुंह से भारत माता की जय के नारे सुनाई देते हैं। यहीं से सवाल उठता है कि आखिर एक पाकिस्तानी जासूस अचानक भारत का देशभक्त कैसे बन गया?
और पढ़ें - गोविंदा-कोमल रानी पर भड़कीं कश्मीरा शाह! बोलीं- ‘होम ब्रेकर्स को ग्लैमराइज करना बंद करें...’
फिल्म का सबसे मजेदार हिस्सा बिलाल की मेमोरी लॉस वाली कहानी है। ट्रेलर में सामने आता है कि बिलाल की याददाश्त चली गई है। सारा अली खान का किरदार उसे उसके अतीत के बारे में बताता है और समझाता है कि उसके माता-पिता की मौत आतंकियों ने की थी और इसी वजह से उसने काउंटर-टेररिज्म स्क्वॉड जॉइन किया था। लेकिन समस्या ये है कि बिलाल को अपनी असली पहचान और मिशन को लेकर ही कन्फ्यूजन हो जाता है। उसे देशभक्ति तो याद रहती है, लेकिन वह किस देश के लिए देशभक्त होना था, यही भूल जाता है। यही कन्फ्यूजन फिल्म की कॉमेडी का बड़ा हिस्सा नजर आ रहा है।
फिल्म में सारा अली खान भी अहम किरदार में नजर आ रही हैं। ट्रेलर में उनका किरदार पाकिस्तान के जासूसों को पकड़ने और देश को बचाने के मिशन में जुटा दिखाई देता है। आयुष्मान और सारा की जोड़ी फिल्म में एक्शन के साथ-साथ कॉमेडी और रोमांस का भी तड़का लगाने वाली है। दोनों इससे पहले ‘पति पत्नी और वो 2’ में साथ नजर आ चुके हैं और अब एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखाई देंगे।
‘उड़ता तीर’ में आयुष्मान और सारा के अलावा एक बड़ी स्टारकास्ट भी है। फिल्म में राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नय्यर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे जैसे कलाकार नजर आएंगे। ट्रेलर में राम कपूर और गुलशन ग्रोवर पाकिस्तानी अधिकारियों के किरदारों में दिखाई देते हैं। खास बात यह भी है कि फिल्म में दिवंगत अभिनेता मुकुल देव नजर आएंगे और यह उनकी आखिरी ऑन-स्क्रीन फिल्मों में से एक है।
और पढ़ें - Bigg Boss फेम रेनु सुधी की हालत गंभीर, ICU में हुईं भर्ती, 5 बार हो चुकी कीमो
‘उड़ता तीर’ को एक हाई-एनर्जी स्पाई-कॉमेडी के तौर पर पेश किया जा रहा है। ट्रेलर में एक्शन सीन्स के साथ कई कॉमिक सिचुएशंस दिखाई देती हैं। फिल्म का पूरा कॉन्सेप्ट ही इस बात पर टिका है कि जब एक जासूस अपनी याददाश्त खो दे और उसे अपनी ही देशभक्ति की दिशा याद न रहे, तो क्या होगा? यही वजह है कि फिल्म में स्पाई थ्रिल के साथ कॉमेडी को खास जगह दी गई है। फिल्म का पोस्टर भी इसी कन्फ्यूजन को दिखाता था, जिसमें आयुष्मान भारत और पाकिस्तान की सीमा के बीच झूले पर नजर आए थे। इसकी टैगलाइन थी- ‘देशभक्ति याद है, पर देश नहीं!’
‘उड़ता तीर’ से आकाश ए कौशिक बतौर डायरेक्टर डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म को करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने प्रोड्यूस किया है। धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट मिलकर फिल्म लेकर आ रहे हैं। फिल्म पहले 11 सितंबर 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाकर 9 अक्टूबर 2026 कर दी गई। अब आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की यह स्पाई-कॉमेडी दशहरे के आसपास सिनेमाघरों में दर्शकों को हंसाने और एंटरटेन करने के लिए तैयार है। ट्रेलर देखने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बिलाल अपनी खोई हुई याददाश्त वापस पा पाएगा या फिर एक पाकिस्तानी जासूस से बना भारत का देशभक्त ही फिल्म की पूरी कहानी पलट देगा? इसका जवाब 9 अक्टूबर को फिल्म की रिलीज के बाद मिलेगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।