
फूड डेस्क। सिंघाड़ा सर्दियों के मौसम में ही मिलता है। वैसे तो सुखा कर इसका उपयोग सालों भर किया जाता है, लेकिन सर्दियों के मौसम में पानी में होने वाले इस फल का स्वाद कुछ और ही होता है। इसे कच्चा खाया जाता है और उबाल कर भी। सिंघाड़ा बहुत पौष्टिक फल है। इसमें कार्बोहाइड्रेट्स के साथ स्टार्च और काफी मात्रा में विटामिन भी पाए जाते हैं। सिंघाड़े के आटे का हलवा तो लोग व्रत में खाते हैं। आज हम आपको कच्चे सिंघाड़े की शोरबे वाली सब्जी बनाने का तरीका बता रहे हैं। यह स्वादिस्ट होने के साथ-साथ काफी पौष्टिक भी होती है। सर्दियों के इस मौसम में एन्जॉय करें सिंघाड़े की सब्जी।
सामग्री
- कच्चा कटा छिला सिंघाड़ा जरूरत के मुताबिक
- सब्जी मसाला
- गरम मसाला
- कटा अदरक और मिर्च
- कटा हरा धनिया
- एक बड़ी उड़द दाल वाली पिसी हुई
- नमक, हींग और जीरा
- सरसों का तेल
- एक या दो कटा टमाटर
- एक कटा प्याज
- लहसुन की दो-तीन कली
बनाने की विधि
- कुकर गैस पर चढ़ाइए, उसमें तेल डालिए और हींग, जीरा, कटा प्याज-लहसुन, कटी हरी मिर्च, अदरक डाल कर गुलाबी होने तक भूनिए।
- अब उसमें भीगा मसाला जिसमें सब्जी मसाला, गरम मसाला, पिसी बड़ी और कटा टमाटर,डालिए और कुकर बंद कर दीजिए।
- आंच तेज कर दीजिए और सिटी आने पर धीमा कर दीजिए।
- पांच मिनट से भी कम समय के लिये आंच पर कुकर रहने दीजिए।
- इसके बाद कुकर खोलिए। मसाला सुनहरे रंग में पका तैयार होगा।
- अब कटा सिंघाड़ा उसमें डालिये और दो मिनट तक भूनिए।
- जितना रस रखना हो, पानी डालिए और आंच तेज कीजिए।
- सिटी आने पर फिर आंच धीमा कर दीजिए। पांच मिनट बाद उतारिए। प्रेशर निकलने दीजिए।
- परोसने के पहले हरा धनिया मिलाइए।
अब सिंघाडे़ की स्वादिष्ट सब्जी है आपके इंतजार में। गरमागरम परोसिए।
Food News: Read latest food recipes, healthy food habits for kids and adults in Hindi, Experts tips on healthy food recipes, Cooking articles, Food stories in Hindi online at Asianet News Hindi.