इन सर्दियों में इस तरह बनाएं सरसों का साग, टेस्टी के साथ होता है हेल्दी

Published : Dec 08, 2019, 11:41 AM IST
इन सर्दियों में इस तरह बनाएं सरसों का साग, टेस्टी के साथ होता है हेल्दी

सार

सर्दियों के मौसम में सरसों का साग अक्सर हर घर में बनता है। मक्के की रोटी के साथ सरसों के साग का स्वाद कुछ खास ही होता है। जानें कैसे बनाएं सरसों का साग।

फूड डेस्क। सर्दियों के मौसम में कई ऐसी चीजें खाने को मिलती हैं, जिनका लोग पूरे साल इंतजार करते हैं। इन चीजों में ही है सरसों का साग। सरसों का साग सर्दियों के मौसम में ही मिलता है। मक्के की रोटी के साथ सरसों के साग का स्वाद कुछ खास ही होता है। सरसों का साग बनाने के कई तरीके प्रचलित हैं। पंजाबी लोग सरसों का साग खाना बहुत पसंद करते हैं। वे इसे खास तरीके से बनाते हैं। सरसों के साग में कई पोषक तत्व होते हैं। यह कमजोरी को दूर करता है। इसे मक्के की रोटी के अलावा गेहूं के आटे की रोटी और चावल के साथ भी खा सकते हैं। इससे बनाना भी आसान है। जानें सरसों के साग की रेसिपी।

आवश्यक सामग्री

- सरसों का साग 500 ग्राम
- पालक 100 ग्राम
- बथुआ का साग 100 ग्राम
- हरा धनिया कटा हुआ
- जीरा आधा चम्मच
- सरसों का तेल 2-3 चम्मच
- हींग
- 2-3 हरी मिर्च
- अदरक का पेस्ट
- हल्दी पाउडर एक चम्मच
- धनिया पाउडर एक चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर 
- नमक


बनाने की विधि

सबसे पहले सरसों के साग को साफ कर डंठल अलग कर दें। दो-तीन बार ठीक से साग को धो लेने के बाद उसे बारीक काट दें। इसके बाद उसे मिक्सी में पीस लें। अब अलग से मिक्सी में कटा टमाटर, हरी मिर्च और अदरक को पीस कर पेस्ट बना लें। एक बर्तन में सरसों के साग में पालक और बथुआ का साग मिला कर एक कप पानी डाल दें और साग को गलने के लिए छोड़ दें। जब साग पूरी तरह गल जाए तो उसे उतार लें। एक कड़ाही को आंच पर चढ़ाएं और उसमें थोड़ा सरसों का तेल डालें। जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें जीरा डाल दें। इसके बाद सारे मसाले डाल कर भूनें। इसके बाद उसमें दो-तीन चम्मच मक्के का आटा भी मिला दें। सारी सामग्री को भूनें। फिर उसमें टमाटर, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डाल दें। जब ये सारी चीजें ठीक से भुन जाएं तो साग से पानी अलग कर उसे इसमें मिला दें। इसमें एक कप पानी मिला कर करीब 15 मिनट तक आंच पर रहने दें। बीच-बीच में इसे चलाते रहें। जब पानी सूखने लगे तो उसमें हरा कटा धनिया डाल दें। अब साग तैयार है। इसे गरमागरम मक्के की रोटी या किसी भी चीज के साथ परोसें।   

PREV

Food News: Read latest food recipes, healthy food habits for kids and adults in Hindi, Experts tips on healthy food recipes, Cooking articles, Food stories in Hindi online at Asianet News Hindi.

Recommended Stories

रात की बची दाल से तैयार करें 4 टेस्टी रेसिपी, फेंकने की नहीं पड़ेगी जरूरत
5 मिनट में हेल्दी ब्रेकफास्ट, पोहा-पराठे छोड़ बनाएं ये साउथ इंडियन रेसिपी