
नाखूनों पर छोटे-छोटे सफेद धब्बे या निशान देखने पर मन में सवाल उठता है कि आखिर ये क्यों होता है? कई लोग मानते हैं नाखूनों पर सफेद निशान बॉडी में कैल्शियम की कमी का संकेत है। हालांकि, हर बार ऐसा नहीं होता। ज्यादातर मामलों में नाखूनों पर सफेद निशान किसी गंभीर बीमारी की वजह से नहीं होते और समय के साथ खुद ही गायब हो जाते हैं। नाखूनों पर सफेद निशान को मेडिकल भाषा में ल्यूकोनीकिया (Leukonychia) कहा जाता है। इसके कई कारण हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि नाखूनों पर सफेद निशान क्यों पड़ते हैं? कब आपको डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
नाखूनों पर सफेद निशान पड़ने की सबसे आम वजहों में से एक हल्की चोट है। नाखून काटते समय, दरवाजे में उंगली फंसने पर या किसी चीज से नाखून पर दबाव पड़ने से नाखून की जड़ को मामूली नुकसान हो सकता है। कई बार चोट लगने के तुरंत बाद सफेद निशान दिखाई नहीं देता। नाखून धीरे-धीरे बढ़ता है और कुछ समय बाद यह निशान नजर आता है। यही वजह है इंसान को याद भी नहीं रहता कि नाखून पर कब चोट लगी थी।
नाखूनों पर सफेद निशान देखते ही लोग अक्सर इसे कैल्शियम की कमी से जोड़ देते हैं। लेकिन आमतौर पर छोटे सफेद धब्बे सिर्फ कैल्शियम की कमी की वजह से नहीं होते। नाखूनों की सेहत के लिए बॉडी को प्रोटीन, आयरन, जिंक और कई दूसरे पोषक तत्वों की जरूरत होती है। अगर बॉडी में किसी पोषक तत्व की ज्यादा कमी है, तो नाखूनों में कई तरह के बदलाव दिखाई दे सकते हैं। इसलिए सिर्फ सफेद धब्बे देखकर किसी खास विटामिन या मिनरल की कमी मान लेना सही नहीं है।
और पढ़ें: क्या सांप सच में दूध पीते हैं? बीन की धुन पर क्यों नाचते हैं सांप? चौंकाने वाला है साइंस का जवाब
बार-बार नेल पॉलिश, नेल रिमूवर या मैनीक्योर कराने से भी नाखूनों पर असर पड़ता है। अगर नाखूनों को ज्यादा रगड़ा जाए या क्यूटिकल्स के आसपास बार-बार छेड़छाड़ की जाए, तो नाखून की सतह को नुकसान पहुंचता है। कुछ लोगों में किसी कॉस्मेटिक प्रोडक्ट से एलर्जी के कारण भी सफेद मार्क दिखाई देते हैं।
अगर नाखून पर सफेद मार्क के साथ नाखून मोटा होने, टूटने, रंग बदलने या नाखून के नीचे गंदगी जमा होने जैसी समस्या दिखाई दे रही है, तो यह फंगल इंफेक्शन हो सकता है। ऐसी स्थिति में सिर्फ घरेलू उपाय करने के बजाय डॉक्टर या स्किन वाले डॉक्टर से मिलना सही होगा।
अगर नाखून पर एक-दो छोटे सफेद मार्क हैं और आपको किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है, तो टेंशन की जरूरत नहीं है। नाखून बढ़ने के साथ ये निशान धीरे-धीरे आगे की तरफ आते हैं और नाखून काटने पर खत्म हो जाते हैं। लेकिन अगर कई नाखूनों पर लगातार सफेद मार्क दिखाई दे रहे हैं, नाखून कमजोर या टूट रहे हैं, रंग में बड़ा बदलाव हो रहा है या बॉडी में दूसरे लक्षण नजर आ रहे हैं, तो तत्काल डॉक्टर से चेकअप करवाएं।
नाखूनों को स्वस्थ रखने के लिए बैलेंस्ड डाइट लें। खाने में दाल, अंडे, दूध-दही, हरी सब्जियां, फल, नट्स और दूसरे पोषक खाद्य पदार्थ शामिल करें। नाखूनों को बहुत ज्यादा काटने या कुरेदने से बचें और सफाई का ध्यान रखें। नाखूनों पर सफेद मार्क दिखते ही कैल्शियम या कोई सप्लीमेंट खुद से लेना स्टार्ट ना करें। अगर आपको लगता है कि आपकी बॉडी में किसी पोषक तत्व की कमी है, तो पहले डॉक्टर की सलाह लें।
और पढ़ें: खाना खाते ही क्यों आने लगती है नींद? जाने इसके पीछे की असली वजह