क्या बदलने लगी है हरियाणा की सियासी हवा, अशोक तंवर के बाद कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे निर्मल सिंह 'आप' के होंगे

निर्मल सिंह ने अंबाला कैंट सीट से गृहमंत्री अनिल विज के खिलाफ अपनी पार्षद बेटी चित्रा सरवारा के लिए कांग्रेस हाईकमान से टिकट मांगा था। लेकिन उनकी नहीं चली और चित्रा का टिकट कट गया था। इसी बात से नाराज होकर खुद चुनाव न लड़ने का एलान कर दिया था और उसके बाद कांग्रेस को अलविदा कह दिया था।

Asianet News Hindi | Published : Apr 7, 2022 5:37 AM IST

चंडीगढ़ : पंजाब (Punjab) में पांव जमाने के बाद दूसरे राज्यों की तरफ जाने की कवायद में लगी आम आदमी पार्टी (AAP) को हरियाणा में बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। कभी कांग्रेस के चेहरा रहे निर्मल सिंह (Nirmal Singh) आज अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। उनकी बेटी चित्रा सरावरा भी अपने पिता के साथ आप ज्वॉइन करने जा रही हैं। दोनों दिल्ली में केजरीवाल की मौजूदगी में आप की सदस्यता लेंगे। आम आदमी पार्टी के लिए यह बहुत बड़ी सफलता मानी जा रही है। जिसका फायदा उसे आने वाले चुनावों में मिल सकता है।

कौन हैं निर्मल सिंह
निर्मल सिंह कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाते थे। कभी पार्टी में उनकी तूती बोला करती थी। चार बार विधानसभा चुनाव जीत चुके निर्मल सिंह सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। संगठन में भी उनकी मजबूत पकड़ रही है। उन्होंने यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष का पद भी संभाला और बाद में कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। इसके साथ ही कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने कई अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।  

इसे भी पढ़ें-पंजाब के बाद अब हरियाणा का भी चंडीगढ़ पर दावा : सरकार को मिला विपक्ष का समर्थन, एक सुर में उठी हक की आवाज

पिछले विधानसभा में छोड़ा था 'हाथ'

निर्मल सिंह ने 2019 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस का हाथ छोड़ कर ऐकला चलो की नीति अपनाई थी। तब उन्होंने  हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट नाम से एक पार्टी बनाई थी। विधानसभा चुनाव में निर्मल सिंह की बेटी चित्रा ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज (Anil Vij ) के खिलाफ चुनाव लड़ा था और उन्हें कड़ी चुनौती दी थी। कहा जा रहा हैकि इन दोनों के साथ उनकी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी आप का दामन थाम सकते हैं।

इसे भी पढ़ें-क्या है चंडीगढ़ विवाद जिसे लेकर हरियाणा सरकार ने बुलाया विशेष सत्र, SYL पर भी पंजाब से खिंचेगी 'तलवार'

ये नेता भी थाम चुके हैं झाड़ू

पंजाब में आप की सफलता से प्रभावित होकर हरियाणा में भी कई नेता एक-एक कर झाड़ू थाम रहे हैं। इससे पहले हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने भी आप ज्वॉइन किया। कयास हैं कि अशोक तंवर के आने के बाद कांग्रेस के कई और नेता पार्टी से किनारा कर उनके साथ जा सकते हैं। इस तरह से अगर नेताओं के आने का सिलसिला जारी रहा तो आम आदमी पार्टी के संगठन को मजबूती मिल सकती है।

इसे भी पढ़ें-चंडीगढ़ पर पंजाब बनाम हरियाणा : सुनील जाखड़ ने कहा-बिल्लियों की लड़ाई से चालाक बंदर को फायदा, इशारा किसकी ओर

इसे भी पढ़ें-अरविंद केजरीवाल ने बनाया हरियाणा फतेह का मास्टर प्लान, यहां से लड़ेंगे चुनाव, पढ़िए पूरी इनसाइड स्टोरी


 

Read more Articles on
Share this article
click me!