जजपा ने जारी की चौथी सूची, दुष्यंत चौटाला और प्रेम लता फिर आमने-सामने

Published : Oct 03, 2019, 06:57 PM IST
जजपा ने जारी की चौथी सूची, दुष्यंत चौटाला और प्रेम लता फिर आमने-सामने

सार

सूची के अनुसार, पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला उचाना कलां क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे और एक बार फिर भाजपा की मौजूदा विधायक प्रेम लता से भिड़ेंगे।  

चंडीगढ़ (Chandigarh). जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपने 30 उम्मीदवारों की चौथी सूची की घोषणा की। सूची के अनुसार, पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला उचाना कलां क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे और एक बार फिर भाजपा की मौजूदा विधायक प्रेम लता से भिड़ेंगे।

4 अक्टूबर है नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारिख
हिसार के पूर्व सांसद दुष्यंत के सामने भाजपा की प्रेम लता होंगी, जिन्होंने 2014 के राज्य विधानसभा चुनाव में उन्हें 7,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया था। हरियाणा में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। नामांकन दाखिल करने का अंतिम तारीख 4 अक्टूबर है। चुनाव परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। जींद जिले में उचाना कलां पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का गढ़ रहा है, जो पहले पांच बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से सिंह की पत्नी व मौजूदा विधायक प्रेम लता को फिर से सीट से उम्मीदवार बनाया गया।

दुष्यंत को भाजपा के बृजेंद्र सिंह से लोकसभा चुनाव में मिली थी हार
दुष्यंत ने इस साल हिसार से लोकसभा चुनाव में नौकरशाह से नेता बने भाजपा के बृजेन्द्र सिंह के हाथों भी हार का स्वाद चखा। बृजेन्द्र, प्रेम लता और बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं, जो इस समय राज्यसभा सदस्य हैं। बीरेंद्र सिंह और चौटाला परिवार के बीच इस कदर राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रही है कि दुष्यंत के दादा और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला 2009 में उचाना कलां सीट से चुनाव लड़े थे, जब परिसीमन के बाद जींद में नरवाना सीट आरक्षित हो गई थी। इनेलो के अध्यक्ष ओ पी चौटाला ने 2009 में उचाना कलां से बीरेंद्र सिंह को 621 मतों के मामूली अंतर से हराया था। दुष्यंत और बीरेंद्र सिंह दोनों ही राज्य के प्रमुख जाट परिवारों से आते हैं और जींद जिले को हरियाणा का राजनीतिक केंद्र माना जाता है। तीस उम्मीदवारों की सूची में, जजपा ने बीएसएफ के पूर्व जवान तेज बहादुर यादव को भी शामिल किया है, जिन्हें पार्टी ने करनाल से अपना उम्मीदवार बनाया, जो मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ मैदान में होंगे। यादव को 2017 में बीएसएफ से बर्खास्त कर दिया गया था, क्योंकि उन्होंने सैनिकों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की शिकायत करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया था।

PREV

हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Gurgaon HR Murder: शादी से पहले उजड़ा युवराज का घर, बहस के बाद मर्डर और फिर 7 घंटे लाश लेकर घूमे!
Gurugram Hit and Run: कौन है लवनीश बैंसला जिसने सिया पर किया अश्लील कमेंट, कल्याण से क्या रिश्ता?