शरीर में आ रहे हों ये 5 बदलाव तो हो जाएं सावधान, हो सकते हैं ये कैंसर के लक्षण

Published : Feb 05, 2020, 10:32 AM IST
शरीर में आ रहे हों ये 5 बदलाव तो हो जाएं सावधान, हो सकते हैं ये कैंसर के लक्षण

सार

कई बार शरीर में कुछ ऐसे बदलाव होते हैं, जिन्हें मामूली समझ कर हम नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन ये कैंसर के लक्षण भी हो सकते हैं।   

हेल्थ डेस्क। आजकल जीवनशैली में बदलाव, खाने-पीने की चीजों में केमिकल के ज्यादा इस्तेमाल और प्रदूषित पर्यावरण के कारण कैंसर का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। कैंसर एक भयानक और जानलेवा बीमारी है। यह बीमारी अचानक नहीं होती। यह धीरे-धीरे बढ़ती है, जिसका पता नहीं चल पाता। कई बार शरीर में कुछ ऐसे बदलाव होते हैं, जिन्हें मामूली समझ कर हम नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन ये कैंसर के लक्षण भी हो सकते हैं। इसलिए ऐसे बदलावों को लेकर सतर्क रहना चाहिए और उन पर ध्यान देना चाहिए, ताकि समय रहते कैंसर के खतरे से बचा जा सके। जानते हैं इन लक्षणों के बारे में। 

1. शरीर पर निशान 
अगर शरीर पर कहीं नीले या बैंगनी रंग के निशान दिखने लगे हों या मस्से निकलने लगे हों तो इस पर ध्यान दें। कई बार ऐसे निशान कैंसर के लक्षण भी हो सकते हैं। खून में जब प्लेटलेट्स की संख्या घटने लगती है तो त्वचा के नीचे रक्तवाहिकाएं टूटने लगती हैं। इसी से शरीर पर निशान पड़ते हैं। 

2. छाती में जलन व भारीपन
अगर आपको छाती में लंबे समय तक जलन या भारीपन की समस्या हो तो इसे हल्के में नहीं लें। गैस से होने वाली जलन लगातार नहीं बनी रहती। अगर एसिडिटी की समस्या नहीं हो, फिर भी छाती में जलन रहती हो तो तत्काल डॉक्टर से मिल कर सलाह लें।

3. तेजी से वजन कम होना
अगर शरीर का वजन बिना किसी वजह के तेजी से कम होने लगा हो तो यह भी कैंसर का लक्षण हो सकता है। ऐसी स्थिति में भूख कम लगती है। खाने की इच्छा में कमी आ जाती है और इंसान पर्याप्त भोजन नहीं कर पाता है। डायबिटीज की बीमारी में भी वजन कम होता है, लेकिन भूख में कमी नहीं आती। अगर महीने-दो महीने में 4-5 किलो वजन कम हो जाए तो तत्काल डॉक्टर से मिल कर जांच करवाएं।

4. पेशाब का रंग लाल होना
अगर पेशाब का रंग लाल हो और पेशाब करने के दौरान जलन व दर्द होता हो तो यह भी कैंसर का लक्षण हो सकता है। इस हाल में भी तत्काल डॉक्टर से मिल कर सलाह लेनी चाहिए।

5. जल्दी कोई इन्फेक्शन होना
इन्फेक्शन की समस्या किसी को हो सकती है। लेकिन अगर बार-बार इन्फेक्शन हो और दवा लेने से भी जल्दी ठीक नहीं हो तो यह कैंसर का लक्षण हो सकता है। अक्सर कैंसर की शुरुआती अवस्था में त्वचा, फेफड़े, गले और मुंह में बार-बार इन्फेक्शन होने लगता है। इसे मामूली बात नहीं समझना चाहिए। ऐसी स्थिति में जल्दी डॉक्टर से मिल कर जांच करवानी चाहिए। 
 

PREV

Health Tips in Hindi (हेल्थ टिप्स): Read latest fitness tips (फिटनेस टिप्स), health care tips for men and women in Hindi. Get exercise tips, diet plans to keep your body fit and healthy at Asianet New Hindi.

Recommended Stories

बच्चे के सिर में जम गई है डेंड्रफ की पपड़ी? अपनाएं ये 4 सिंपल उपाय
बच्चे के बाल झड़ रहे हैं? जानिए कौन-सा हेयर ऑयल देगा सबसे अच्छा रिजल्ट