सर्दियों में बढ़ जाता है दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा, जानें कैसे करें बचाव

Published : Nov 11, 2019, 11:26 AM IST
सर्दियों में बढ़ जाता है दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा, जानें कैसे करें बचाव

सार

सर्दियों में दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसा ठंड की वजह से रक्त वाहिनियों के सिकुड़ जाने से होता है। इस मौसम में दिल के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। 

हेल्थ डेस्क। सर्दियों में दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसा ठंड की वजह से रक्त वाहिनियों के सिकुड़ जाने से होता है। इस मौसम में दिल के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। इस मौसम में हाइपोथर्मिया की समस्या भी हो जाती है। इसमें शरीर का तापमान सामान्य से कम हो जाता है। इसमें थकान के साथ शरीर में कंपकंपी होने लगती है, सांस तेज चलने लगती है और मांसपेशियों में अकड़न आ जाती है। सांस लेने में भी कठिनाई महसूस होती है। इसके साथ ही इस मौसम में दिल के मरीजों में हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की एक रिसर्च के मुताबिक, सर्दियों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक से होने वाली मौतों के मामले 26 से 36 फीसदी तक बढ़ जाते हैं। खास कर 40 साल से अधिक उम्र के लोगों को ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जानें, इस समस्या से बचाव के लिए क्या करना चाहिए। 

1. नियमित स्वास्थ्य जांच
इस मौसम में दिल के मरीजों को नियमित जांच करानी चाहिए। इससे पता चलता रहेगा कि ब्लड में ग्लूकोज और कोलेस्ट्रॉल का स्तर क्या है और फिर उसी हिसाब से डॉक्टर दवाइयां प्रिस्क्राइब करेंगे। ब्लड प्रेशर का हमेशा ध्यान रखना चाहिए। अगर ब्लड प्रेशर बढ़े तो उसे नियंत्रित करने के लिए तुरंत दवा लेनी चाहिए।

2. सिगरेट-शराब से रहें दूर
इस मौसम में सिगरेट-शराब से दूर ही रहना चाहिए। शराब पीने से हार्ट सही तरीके से रक्त की पंपिंग नहीं कर पाता है। इसे शरीर के विभिन्न हिस्सों में पर्याप्त मात्रा में खून नहीं पहुंच पाता है। सिगरेट पीने से दिल की धड़कन तेज हो जाती है और ब्लड प्रेशर भी बढ़ जाता है। 

3. जंक फूड नहीं लें
इस मौसम में जंक फूड एकदम नहीं लेना चाहिए। तली-भुनी चीजें खाने से भी भरसक बचना चाहिए। जंक फूड से डाइजेशन की समस्या पैदा हो जाती है। दिल के मरीजों को जंक फूड से हमेशा परहेज करना चाहिए।

4. हरी सब्जियां और फल लें
इस मौसम में हरी सब्जियां और मौसमी फल का पर्याप्त मात्रा में सेवन करें। गाजर, मूली और पालक का सूप पिएं। आंवला जरूर खाएं। इससे पर्याप्त मात्रा में विटामिन सी मिलता है। क्रीम वाला दूध नहीं पिएं। स्किम्ड मिल्क ले सकते हैं।

5. रेड मीट नहीं खाएं
जो नॉनवेजेटेरियन हैं, उन्हें इस मौसम में मीट खाने से परहेज करना चाहिए। मछली खा सकते हैं, क्योंकि इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है जो दिल के लिए फायदेमंद है। अंडे का सफेद हिस्सा खा सकते हैं। 
 

PREV

Recommended Stories

Summer Skin Alert: पीक समर में स्किन को रखें सेफ, सनबर्न-टैनिंग से ऐसे करें बचाव
Weight Loss in Summer: हल्की एक्सरसाइज से भी बर्न करें कैलोरी, जानें 4 तरीके