गजब कर दिए मंत्रीजी! अस्पताल में भर्ती पूर्व PM मनमोहन सिंह को बताया मृत, श्रद्धांजलि भी दी और मौन भी रखा

झारखंड सरकार में  अल्पसंख्यक कल्याण पर्यटन खेलकूद मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि आज एक दुखद खबर है। पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने देश को 50 साल आगे ले जाने का काम किया है, ऐसे पीएम को मैं श्रद्धांजलि देता हूं।

Asianet News Hindi | Published : Oct 16, 2021 3:52 PM IST / Updated: Oct 16 2021, 09:35 PM IST

रांची (झारखंड). कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की (Former PM Manmohan Singh) की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराना पड़ा। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें बताया कि पूर्व पीएम का निधन हो गया। कई यूजर्स उन्हें श्रद्धांजलि भी देने लगे। हद तो तब हो गई जब झारखंड में हेमंत सोरोन सरकार के मंत्री हफीजुल हसन (Hafeezul Hasan) ने उनको मृत बता दिया। साथ ही कहा कि अब हमारे बीच मनमोहन सिंह नहीं रहे, मैं उनको श्रद्धांजलि देता हूं, देश को आगे बढ़ाने में उनका बड़ा योगदान रहा है।

एक मिनट का मौन तक रखा...
दरअसल, झारखंड सरकार में  अल्पसंख्यक कल्याण पर्यटन खेलकूद मंत्री हफीजुल हसन अपने विधानसभा क्षेत्र में एपीजे अब्दुल कलाम चौक का अनावरण करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने जनता को संबोधन करते हुए कहा कि आज एक दुखद खबर है। पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने देश को 50 साल आगे ले जाने का काम किया है, ऐसे पीएम को मैं श्रद्धांजलि देता हूं। इतना ही नहीं उन्होंने एक मिनट का मौन तक रखवा दिया।

यह भी पढ़ें-जब भड़कीं सांसद साध्वी प्रज्ञा, कहा-जिसने मेरा ऐसा वीडियो बनाया, वो रावण होगा उसका अगला जन्म नर्क बनेगा

मंत्री जी को यूजर गजब लताड़ा
मिनिस्टर साहब ने जब बिना जानकारी की यह बात कही तो वह सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए। यूजर ने उनपर कई तरह के कमेट्स किए। वहीं भाजपा ने भी उनपर तीखा हमला बोला, झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि जैसा राजा वैसा मंत्री! यह हैं हेमंत सरकार के मंत्री हैं। इन्होंने मात्र कुछ तालियों और मोदी विरोध के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन जी का स्वर्गवास करवा दिया। एक ओर भारत सरकार उनका बेहतर इलाज करवा रही है, दूसरी ओर झारखंड के मंत्री उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

रणदीप गुलेरिया की देखरेख में हो रहा इलाज
बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा है। लगातार उनकी हालत में सुधार हो रहा है। उनकी जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। इसे डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया हेड कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें-UP में BSP से विधानसभा टिकट चाहिए तो देनी होगी कड़ी परीक्षा, 4 चरणों में होगा इंटरव्यू, पूछे जाएंगे ऐसे सवाल

कोरोना को भी हराया, दो बायपास सर्जरी भी हो चुकीं...
मनमोहन सिंह 19 अप्रैल को कोरोना संक्रमित हो गए थे। तब भी उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। 10 दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी मिल सकी थी। उन्होंने बीते 4 मार्च और 3 अप्रैल को कोविड वैक्सीन की डोज ली थी। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की दो बायपास सर्जरी भी हो चुकी है। उनकी पहली सर्जरी साल 1990 में यूके में हुई थी, जबकि 2009 में एम्स में उनकी दूसरी बायपास सर्जरी की गई थी।

2004 से 14 तक प्रधानमंत्री रहे
बता दें कि मनमोहन सिंह इस समय राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वे 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।  वह देश के जाने माने अर्थशास्त्रियों में एक हैं। रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर डॉ. मनमोहन सिंह, देश के वित्तमंत्री भी रहे चुके हैं। 
 

Share this article
click me!