झारखंड में एक और जवान ने किया सुसाइड, सीआरपीएफ कांस्टेबल ने खुद की सर्विस रिवाल्वर से मारी गोली

पश्चिम सिंहभूम में एक सीआरपीएफ जवान ने  खुद को गोली मार की आत्महत्या कर ली है। घटना शुक्रवार 26 अगस्त की देर रात की है। पुलिस ने शनिवार 27 अगस्त को शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वरदात के बाद कैंप में अफरा तफरी का माहौल है।

Sanjay Chaturvedi | Published : Aug 27, 2022 7:36 AM IST / Updated: Aug 27 2022, 01:08 PM IST

पश्चिमी सिंहभूम(झारखंड): झारखंड में एक और जवान ने खुद को गोली मार आत्महत्या की है। कुछ दिनों पहले ही देवघर और लोहरदगा में एक-एक जवान ने खुद को गोली मारी थी। इस बार पश्चिम सिंहभूम स्थित चक्रधरपुर के झरझरा स्थित सीआरपीएफ बेसकैंप में 60 बटालियन के 1 जवान ने 26 अगस्त की देर रात अपनी सर्विस एके 47 से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान की पहचान  अजीत कुमार पाठक के रुप में की गई। वे गोरखपुर उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार पोड़ाहाट अनुमंडल के झरझरा में नक्सली घटना के बाद चक्रधरपुर सीआरपीएफ 60 बटालियन द्वारा बेस कैंप बनाया गया था। अजीत पिछले कई महीनों  से वहीं पर तैनात थे। 26 अगस्त की रात किस बात को लेकर वह टेंशन में था। इसी बीच उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे कैंप में अफरा तफरी का माहौल हो गया। 

फोन रखने के बाद खुद को मारी गोली
घटना की जानकारी मिलने पर सीआरपीएफ 60 बटालियन के द्वितीय कमांडेंट जियाउल हक समेत अन्य मौके पर पहुंचे। कमांडेंट ने बताया कि  अजीत ने किसी से फोन पर बात किया और फोन रखने के बाद खुद को गोली मार ली। सूचना पाकर पश्चिमी सिंहभूम एसपी  घटना स्थल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। उन्होंने सर्विस एके 47 को जब्त किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।  इसके साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

इससे पहले भी 2 जवानों ने की आत्महत्या
बता दे कि 13 अगस्त को देवघर में झारखंड एटीएस के जवान रंजीत पासवान ने खुद को गोली मार ली थी। रंजीत पासवान गढ़वा जिले के रहने वाले थे और पिछले एक महीने से देवघर श्रावणी मेले में ड्यूटी पर तैनात थे। जवानों को मेले के दौरान आर मित्रा स्कूल में ठहराया गया था। यही पर एटीएस के जवान रंजीत पासवान ने खुद को गोली मार ली थी। गोली लगने से मौके पर ही रंजीत की मौत हो गई थी। इसके बाद लोहरदगा में आशुतोष कुमार नाम के पुलिस के जवान ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। वह मूल रूप से बिहार के आरा जिले के रहने वाले थे। वे लोहरदगा के आदर्शनगर में किराए के मकान में अकेले रहते थे। बताया गया कि ड्यूटी से लौटने के बाद  आशुतोष ने खुद को गोली मार ली थी। पुलिस का कहना था कि दोनों जवानों के आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।

यह भी पढ़े- बंगाल विधायक कैश मामलाः कांग्रेस पार्टी ने तीनों एमएलए पर कार्यवाही के लिए स्पीकर को लिखा पत्र
 

Share this article
click me!