
भारतीय घरों में तुलसी का पौधा बहुत शुभ माना जाता है। घरों में इसकी रोजाना पूजा की जाती है और मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। सर्दियों में मौसम बदलते ही तुलसी के पौधों की पत्तियां काली सी पड़ जाती हैं। ऐसा अधिक ठंड या पाला पड़ने के कारण होता है। ठंड का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में घरों की तुलसी को पाला या ओस के असर से बचाने के लिए आपको कुछ उपाय करने होंगे, वरना तुलसी का पौधा खराब हो जाएगा। जानें कैसे मौसम बदलते ही तुलसी के पौधे को सुरक्षित रखा जा सकता है।
तुलसी के पौधे को ठंड से बचाने के लिए उन्हें धूप में जरूर रखें। सर्दियों में धूप बहुत धीमी या कम आती है, जिस कारण पौधे की पत्तियां मुरझाने सी लगती हैं। आपको करीब चार से पांच घंटे तक तुलसी के पौधे को धूप में जरूर रखना चाहिए।
भले ही पौधों को गर्मियों में अधिक पानी की जरूरत पड़ती हो लेकिन ठंड में उतना ही पानी देंगे, तो पौधों की जड़े सड़ जाएंगी। आपको मिट्टी को सिर्फ नम रखना है और हफ्ते में दो से तीन बार ही पानी देना है। अगर आप रोजाना तुलसी को पानी देंगे, तो यह जल्दी खराब हो जाएगी।
और पढ़ें: Balcony Garden Hacks: बार-बार मर रहे पौधे? मिट्टी में डालें ये 5 जादुई चीजें
ठंड के समय रात में ओस या पाला गिरता है। अगर गमले में तुलसी का पौधा लगाया है, तो उन्हें ठंडी हवा या पाला से बचाने के लिए घर के अंदर ले आएं। अगर जमीन में ही तुलसी का पौधा लगा है, तो आप उसे कपड़े से ढक सकती हैं। ऐसा करने से उस पर पाला का असर नहीं पड़ेगा।
अगर तुलसी के पौधे में पत्तियां पीली पड़ गई हैं या सूख गई हैं, तो आपको इसे समय-समय पर हटाना चाहिए। इससे नई पत्तियां जल्दी आएंगी और पेड़ हरा भरा दिखेगा।
तुलसी के पौधे की अगर मिट्टी जम गई है, तो आपको गुड़ाई जरूर करनी चाहिए। ऐसा करने से जड़ों को हवा मिलती है और पौधा सर्दियों में भी हरा भरा दिखता है। आप खुरपी की मदद से भी आसपास की मिट्टी को हल्का ढीला कर सकते हैं। महीने में एक बार आप खाद जरूर डालें। कीड़े से बचाने के लिए सूखी नीम की पिसी पत्ती मिट्टी के आसपास डाल दें।
और पढ़ें: छोटी बालकनी में भी भर-भर के निकलेगी लौकी, 5 आसान स्टेप्स में तैयार करें पौधा
Lifestyle articles & tips in Hindi (लाइफ स्टाइल न्यूज़): Read latest lifestyle articles, Relationship tips, Health & beauty tips, Travel news in Hindi online at Asianet News Hindi.