
घर में रखी पुरानी लकड़ी या आयरन की सीढ़ी अक्सर बेकार समझकर स्टोर रूम में रख दी जाती है, लेकिन थोड़ी क्रिएटिविटी से यही पुरानी लैडर घर की खूबसूरती बढ़ाने वाला स्टाइलिश डेकोर पीस बन सकती है। आजकल होम डेकोरेशन में पुरानी चीजों को नए तरीके से इस्तेमाल करने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। खासकर पुरानी सीढ़ी को लोग इनडोर प्लांट स्टैंड, बुकशेल्फ, टॉवल रैक और फोटो डिस्प्ले जैसे कई कामों में यूज कर रहे हैं। अगर आपके घर में भी पुरानी सीढ़ी पड़ी है, तो इन आसान और सुंदर आइडियाज से आप उसे शानदार होम डेकोर में बदल सकते हैं।
अगर आपको घर में हरियाली पसंद है, तो पुरानी सीढ़ी को खूबसूरत इनडोर प्लांट स्टैंड में बदला जा सकता है। सीढ़ी के हर स्टेप पर छोटे-छोटे गमले रखें और अलग-अलग ऊंचाई पर पौधे सजाएं। इससे घर के किसी कोने में एक मिनी गार्डन जैसा लुक बन जाएगा। खासकर मनी प्लांट, स्पाइडर प्लांट, स्नेक प्लांट या छोटे फ्लावरिंग पौधे इस सेटअप में बहुत अच्छे लगते हैं। लिविंग रूम या बालकनी में यह आइडिया काफी स्टाइलिश दिखता है।
और पढ़ें - बैंगल लगेंगे ब्रांड न्यू, 6 स्टाइल से पुरानी चूड़ियों को करें डेकोर
अगर आपके पास छोटी जगह है और अलग से बुक रैक रखने की जगह नहीं है, तो पुरानी सीढ़ी को बुकशेल्फ की तरह यूज करें। इसके स्टेप्स पर किताबें, मैगजीन और छोटे सजावटी आइटम रखें। लकड़ी की पुरानी सीढ़ी को हल्का पेंट कर दें, इससे वह और ज्यादा एस्थेटिक लुक देने लगेगी। यह आइडिया खासकर स्टडी कॉर्नर या बेडरूम के लिए शानदार रहता है।
पुरानी सीढ़ी को एक खूबसूरत मेमोरी कॉर्नर में भी बदला जा सकता है। सीढ़ी के स्टेप्स या किनारों पर फोटो फ्रेम, फेयरी लाइट और छोटे सजावटी आइटम लगाएं। इससे घर का एक कोना बेहद पर्सनल और वॉर्म फील देने लगेगा। फैमिली फोटो, ट्रैवल मेमोरी या बच्चों की तस्वीरें सजाने के लिए यह शानदार आइडिया है।
अगर आप घर में कुछ यूनिक करना चाहते हैं, तो पुरानी सीढ़ी को बाथरूम में टॉवल रैक की तरह इस्तेमाल करें। सीढ़ी के स्टेप्स पर टॉवल लटकाएं और नीचे छोटी बास्केट में टॉयलेटरी आइटम रखें। इससे बाथरूम ज्यादा ऑर्गनाइज्ड और स्टाइलिश दिखेगा।
और पढ़ें - Table Cupboard Furniture design: टेबल भी कबर्ड भी, घर के लिए 6 मॉडर्न फर्नीचर
किचन में भी पुरानी सीढ़ी काफी काम आ सकती है। इसके स्टेप्स पर छोटे जार, मसालों के कंटेनर या किचन डेकोर आइटम सजाए जा सकते हैं। अगर जगह कम है, तो इसे दीवार के सहारे लगाकर एक ओपन स्टोरेज की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
लिविंग रूम में पुरानी सीढ़ी को ब्लैंकेट होल्डर की तरह इस्तेमाल करना भी आजकल ट्रेंड में है। इसके स्टेप्स पर हल्के कंबल, शॉल या मैगजीन टांग दें। इससे कमरा मैनेजेबल भी दिखेगा और एक मॉडर्न डेकोर टच भी मिलेगा।
अगर आप पुरानी सीढ़ी को सिर्फ डेकोर पीस बनाना चाहते हैं, तो उस पर फेयरी लाइट्स, छोटे हैंगिंग प्लांट या मिनी शोपीस लगाकर एक खूबसूरत कॉर्नर तैयार करें। रात में यह घर को बेहद कोजी और अट्रैक्टिव लुक देगा।