
UK में चार साल रहने के बाद भारत लौटीं एक महिला की कहानी सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींच रही है। अर्शिया महाजन ने X पर एक पोस्ट में बताया है कि उन्होंने भारत वापस आने का फैसला क्यों किया। अब वह बैंगलोर में एक नई नौकरी कर रही हैं।
अर्शिया ने लिखा कि विदेश में रहना उनका कोई बहुत बड़ा सपना नहीं था, लेकिन इस मौके के लिए वह शुक्रगुजार हैं। UK में रहने से उन्हें एक नए देश में जिंदगी बसाने, दुनिया भर के लोगों से मिलने, ज्यादा आत्मनिर्भर बनने और प्रोफेशनल तौर पर आगे बढ़ने में मदद मिली। लेकिन समय के साथ यह जिंदगी एन्जॉय करने के बजाय एक बड़ा बोझ बन गई।
उन्होंने बताया कि पिछले आठ महीने तो सिर्फ वीजा की दिक्कतों, किराए की टेंशन, इमिग्रेशन के नियमों और दोस्तों के चले जाने की चिंता में ही बीते। हर महीने सैलरी आते ही खर्च हो जाती थी। अपने दम पर गुजारा करने की कोशिश में कई बार परिवार से आर्थिक मदद लेनी पड़ी, जिससे उन्हें बहुत मानसिक तनाव हुआ। उन्हें महसूस हुआ कि उनकी ज्यादातर एनर्जी सिर्फ जिंदगी की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में ही खत्म हो रही है।
After 4 years, I’ve moved back from the UK to India and started a new job in Bangalore.
Wouldn’t say it was 100% the happiest decision I’ve ever made.
But it felt like the right one for my nervous system.
A few things I’ve been thinking about since making the move 👇— Arshiya Mahajan (@ArshiyaMahajan3) अगस्त 24, 2026
इसके बाद अर्शिया ने खुद से सवाल किया कि क्या यह सब वाकई में उनके लिए सही है? फिर उन्होंने आर्थिक, सामाजिक और मानसिक पहलुओं को देखते हुए अपने देश लौटने का फैसला किया।
अर्शिया ने साफ किया कि UK में उनका सफर कोई नाकामी नहीं था, बल्कि उस चैप्टर से उन्हें जो कुछ सीखना था, वो सीख चुकी हैं, इसीलिए वो वापस आ सकीं। उन्होंने यह भी कहा कि हर अच्छा फैसला तुरंत खुशी नहीं देता। विदेश में रहने वालों को अकेलेपन, पैसों के दबाव और वीजा की चिंताओं के बारे में खुलकर बात करनी चाहिए। उनके इस पोस्ट पर विदेश में रहने वाले कई और लोगों ने भी कमेंट करके अपने अनुभव शेयर किए हैं।