
Pachmarhi Family Vacation: गर्मी की छुट्टियों में अगर भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों से दूर किसी शांत और ठंडी जगह पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मध्य प्रदेश का पचमढ़ी आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकता है। सतपुड़ा की पहाड़ियों के बीच बसा यह हिल स्टेशन अपनी हरियाली, झरनों, गुफाओं और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यहां की ठंडी हवाएं और सुकून भरा माहौल समर वेकेशन को यादगार बना सकता है। फैमिली ट्रिप हो, कपल वेकेशन या बच्चों के साथ घूमने का प्लान, पचमढ़ी हर तरह के ट्रैवलर्स को पसंद आता है।
गर्मियों के मौसम में जब कई शहरों का तापमान काफी बढ़ जाता है, तब पचमढ़ी का मौसम राहत देने वाला महसूस होता है। सतपुड़ा पर्वत श्रृंखला में मौजूद यह हिल स्टेशन घने जंगलों और प्राकृतिक नजारों से घिरा हुआ है। यहां सुबह की ठंडी हवा, हरियाली और शांत वातावरण लोगों को शहर की भागदौड़ से दूर ले जाता है। यही वजह है कि इसे मध्य प्रदेश का इकलौता और सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशन भी कहा जाता है।
पचमढ़ी घूमने जाएं तो यहां के झरने जरूर देखें। बी फॉल्स, अप्सरा विहार और सिल्वर फॉल जैसी जगहें पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। बारिश के बाद इन जगहों की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है, लेकिन गर्मियों में भी यहां का वातावरण ठंडक का अहसास देता है। इसके अलावा जंगलों के बीच ट्रैकिंग और नेचर वॉक का अनुभव भी काफी खास माना जाता है।
पचमढ़ी सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं बल्कि धार्मिक महत्व के लिए भी जानी जाती है। यहां स्थित जटाशंकर गुफा और महादेव गुफाएं श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं। कहा जाता है कि इन जगहों का संबंध भगवान शिव से जुड़ा हुआ है। वहीं पांडव गुफाएं इतिहास और पौराणिक कथाओं में रुचि रखने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।
इसे भी पढ़ें- Budget Travel Mistakes: पहाड़ घूमने निकले थे, बिल देखकर उड़ जाएंगे होश! इन 5 गलतियों से बढ़ता है ट्रैवल खर्च
अगर आप दो से तीन दिन की ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो पहले दिन स्थानीय दर्शनीय स्थल और गुफाएं देख सकते हैं। दूसरे दिन झरनों और नेचर पॉइंट्स की सैर करें। तीसरे दिन सनराइज या सनसेट व्यू पॉइंट्स का आनंद लिया जा सकता है। बच्चों के साथ ट्रिप पर जा रहे हैं तो हल्के कपड़े, पानी की बोतल और आरामदायक जूते साथ रखना बेहतर रहेगा।
मार्च से जून के बीच पचमढ़ी समर ट्रिप के लिए अच्छा माना जाता है क्योंकि इस समय यहां का मौसम कई जगहों की तुलना में ठंडा रहता है। हालांकि भीड़ से बचना चाहते हैं तो वीकेंड की बजाय वीकडे चुन सकते हैं। सुबह जल्दी घूमने निकलने पर प्राकृतिक नजारों का बेहतर अनुभव मिलता है। अगर फोटोग्राफी पसंद है तो सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां के दृश्य बेहद खूबसूरत नजर आते हैं।
इसे भी पढ़ें- Netrani Island Beauty: ये है इंडिया का हार्ट शेप आइलैंड, अंडमान और थाईलैंड का बाप है ये डेस्टीनेशन