जनता के उखड़े मूड को कूल करने मंच पर साष्टांग हुए विधायक के पति

मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों के लिए होने जा रहे उपचुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। जीत के लिए नेता कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए विधायकों के लिए यह उपचुनाव एक बड़ी चुनौती है। यह हैं भांडेर विधायक रक्षा सिरौनिया के पति संतराम। वोटरों के उखड़े मूड को कूल करने वो मंच पर साष्टांग हो गए।

Asianet News Hindi | Published : Oct 17, 2020 4:48 AM IST

भांडेर, मध्य प्रदेश. मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर राजनीति सरगर्मियां चरम पर हैं। यह उपचुनाव कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए एक बड़ी चुनौती है। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को गिराकर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे शिवराज सिंह अगर यह चुनाव नहीं जीतते हैं, तो उनका राजनीति करियर दांव पर लग जाएगा। हालांकि इसकी आशंका कम है। यह तस्वीर दतिया जिले की भांडेर विधानसभा सीट के चुनाव प्रचार की है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भांडेर के सालोन बी में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। इस बीच पब्लिक को रिझाने विधायक रक्षा सिरौनिया के पति संतराम मंच पर ही साष्टांग हो गए। संतराम सिरौनिया ने मंच से कहा कि कमलनाथ सरकार ने कोई काम नहीं किए। इसलिए जनता को मुंह दिखाने लायक नहीं बचा था। अब भाजपा सरकार है, तो वो विकास कार्य कराने के लायक हैं।

नेताजी के पांव में पड़ी रही बुजुर्ग...
यह तस्वीर सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर की है। विधानसभा की 28 सीटों के लिए होने जा रहे उप चुनाव के मद्देनजर बुधवार को यहां भाजपा मंडल का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस दौरान जब भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा जब भाषण दे रहे थे, तब एक बुजुर्ग उनके पैरों में पड़ी रही। वो अपनी कोई समस्या लेकर सामने आई थी। इसके बाद झा अपना भाषण देते रहे। वे सिर्फ इतना बोले कि अभी सुनते हैं माताजी..अभी ठहरिये। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। हालांकि बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने बताया कि सभा खत्म होने के बाद प्रभात झा ने बुजुर्ग महिला से बात की थी। उसकी समस्या का निराकरण भी करा दिया गया। बता दें कि सुरखी सीट से भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत हैं। वे 7 महीने पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

अभी तो मैं जवान हूं
यह तस्वीर भी जैसीनगर में ही सामने आई थी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सोमवार को चुनावी सभा संबोधित करने गए थे। यहां भाषण देते हुए उन्हें अपनी जवानी याद आ गई। कमलनाथ ने माइक छोड़कर मंच से नीचे छलांग लगा दी। यह देखकर मंच पर मौजूद दूसरे नेता और उनके सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। कमलनाथ के कूदते ही उनके सुरक्षाकर्मी भी कूद पड़े और उन्हें संभाला। इसके बाद कमलनाथ बोले कि वे 35 साल पहले जैसीनगर आए थे। तब भी वे जवान थे और अब भी हैं। इससे पहले कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को मंच पर जनता के सामने घुटने टेकने पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि शिवराज एक्टिंग में बड़े माहिर हैं। अगर वे मुंबई चले जाएं, तो सलमान, शाहरुख भी शरमा जाएं।
 

Share this article
click me!