11 अक्टूबर को उज्जैन आ रहे पीएम मोदी, इस विशेष सिद्धि योग में करेंगे महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण

Published : Oct 09, 2022, 03:23 PM IST
11 अक्टूबर को उज्जैन आ रहे पीएम मोदी, इस विशेष सिद्धि योग में करेंगे महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण

सार

उज्जैन में नवनिर्मित महाकाल कॉरिडोर का भव्य कार्यक्रम के बीच लोकार्पण करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को उज्जैन पहुंचेंगे। भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन-अभिषेक के पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करने पहुंचेंगे।

उज्जैन(Madhya Pradesh). उज्जैन में नवनिर्मित महाकाल कॉरिडोर का भव्य कार्यक्रम के बीच लोकार्पण करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को उज्जैन पहुंचेंगे। भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन-अभिषेक के पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करने पहुंचेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति के लोक नृत्यों की प्रस्तुति करीब 700 बच्चों के अलग-अलग समूह द्वारा दी जाएगी। यहां से सभा स्थल जाने के दौरान प्रधानमंत्री शिप्रा तट पर पुष्प चढ़ाकर दीप प्रज्वलित करेंगे।

जानकारी के अनुसार, महाकाल कॉरिडोर को भव्य तरीके से सजाया गया है। कॉरिडोर के किनारे-किनारे भगवान शिव की विशाल मूर्तियां लगाई गईं है। बताया जा रहा है कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से चार गुना बड़ा महाकाल कॉरिडोर है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 750 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पूरा मंदिर परिसर दो हेक्टेयर में है। फिलहाल पहले चरण का काम पूरा हो गया है। जिसका लोकार्पण करने पीएम मोदी उज्जैन आएंगे। महाकाल कॉरिडोर की लंबाई 920 मीटर है। इसका निर्माण कार्य 2019 में शुरू हुआ था। 

11 अक्टूबर को शाम साढ़े पांच बजे आएंगे मोदी 
मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को शाम 5.30 बजे आएंगे। वे पहले श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल का पूजन-अभिषेक करेंगे। इसके बाद श्री महाकाल कॉरिडोर के प्रथम चरण का लोकार्पण करने पहुंचेगे। यहां से सभा स्थल जाने के दौरान प्रधानमंत्री का मार्ग शिप्रा तट के समीप से होने के कारण वे शिप्रा तट पर मां शिप्रा को पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित भी करेंगे। 

पूरे कॉरिडोर में लगाई गईं 500 डिवाइसें  
उज्जैन में महाकाल में आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा और उनकी कथाएं सुनने को मिलेंगी। भक्त इन्हें अपने मोबाइल पर ही सुन सकते हैं। ये कथाएं ऑडियो फॉर्मेट में होंगी। इसके लिए उन्हें ‘उमा’ नाम का एप डाउनलोड करना होगा। इसके लिए म्यूरल और स्कल्प्चर पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा। 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले तक इसकी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। इसके लिए ऑडियो फॉर्मेट भी तैयार हो चुका है। महाकाल लोक में 500 डिवाइस लगाई गई हैं।

ई रिक्शा से घूमेंगे महाकाल पथ 
पीएम मोदी महाकाल पथ पर नंदी गेट में दीप प्रज्ज्वलन के बाद दीवारों पर अंकित शिव महिमा के म्यूरल को देखेंगे। वे कमल सरोवर तक जाएंगे। इसके बाद ई-रिक्शा से महाकाल पथ पर घूमेंगे। महाकाल पथ पर चलने के लिए 12 इलेक्ट्रिक गाड़ियां भी आ चुकी हैं। पीएम मोदी का कार्यक्रम शाम को इसलिए रखा किया गया है, क्योंकि महाकाल पथ का सौंदर्य देर शाम को विद्युत सज्जा के बाद और ज्यादा निखरता है। महाकाल पथ के लोकार्पण के बाद पीएम मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए इसे खोल दिया जाएगा।

विशेष सिद्धि योग में करेंगे लोकार्पण 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण अमृत सिद्धि योग में करेंगे। 11 अक्टूबर मंगलवार की शाम 6.30 बजे अश्विनी नक्षत्र होने से विशेष योग बन रहा है। इसे विशेष फलदायी माना जा रहा है। इससे पहले PM मोदी ने यूपी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण रेवती नक्षत्र में किया था। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर का भूमिपूजन भी अभिजीत मुहूर्त में किया था। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार भगवान राम का जन्म इसी मुहूर्त में हुआ था।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Tiger Death: मध्य प्रदेश में फिर बाघ की मौत, करंट लगाकर कुएं में फेंका-2026 में अब तक 25वीं घटना
MP Tourism: GITB 2026 में मध्यप्रदेश को Leading Tourism Destination अवॉर्ड, बढ़ी वैश्विक पहचान