मौसम ने बदली करवट: महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे और ठाणे में बारिश, राजस्थान के उदयपुर में भी रिमझिम से ठंड बढ़ी

Published : Dec 01, 2021, 03:32 PM IST
मौसम ने बदली करवट: महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे और ठाणे में बारिश, राजस्थान के उदयपुर में भी रिमझिम से ठंड बढ़ी

सार

दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और मालदीव, लक्षदीप के इलाके में चक्रवात बनने की वजह से देश के कई इलाकों बारिश हो रही है। बुधवार को महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, ठाणे, पालघर समेत राज्य के कई शहरों में सुबह से ही रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए इन शहरों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसी तरह राजस्थान के उदयपुर में सुबह से रिमझिम बारिश से ठंड बढ़ गई है। मौसम भी सुहाना हो गया है।

मुंबई/ उदयपुर। दक्षिण पूर्वी अरब सागर, मालदीव और लक्षद्वीप के ऊपर बने चक्रवात बनने की वजह से देश के कई इलाकों में मौसम ने करवट बदली है। बुधवार को महाराष्ट्र (Maharashtra) के मुंबई (Mumbai), पुणे (Pune), ठाणे (Thane), पालघर (Palghar) समेत राज्य के कई शहरों में सुबह से ही रुक-रुक कर भारी बारिश (Heavy Rain) हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए इन शहरों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश की वजह से तापमान में कमी देखी जा सकती है। इसी तरह राजस्थान (Rajasthan) के उदयपुर (Udaipur) में सुबह से रिमझिम बारिश से ठंड बढ़ गई है। मौसम भी सुहाना हो गया है। मध्य प्रदेश में भी कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।

महाराष्ट्र के नासिक, धुले, नंदुरबार, जलगांव, औरंगाबाद, जालना और बीड जिले में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य में मंगलवार को पुणे में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, मुंबई और पुणे में बारिश से सड़कों पर ट्रैफिक भी गड़बड़ा गया है। बता दें कि इस साल नवंबर महीने में बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बीते 10 सालों में दूसरी बार नवंबर में इतनी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इस साल नवंबर माह में करीब 30.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। 

मछुआरों को अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने मूसलाधार बारिश की संभावना की वजह से मछुआरों को लेकर अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को अगले 5 दिनों तक महाराष्ट्र और गोवा के समुद्र में मछली पकड़ने के लिए ना जाने की सलाह दी है। समुद्र में पांच दिनों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

उदयपुर में बारिश से गिरा दिन का पारा
उदयपुर में बुधवार सुबह से ही रिमझिम का दौर शुरू हुआ जो दोपहर तक चलता रहा। बादल और बरसात से तापमान में काफी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि 1 और 2 दिसंबर को उदयपुर, कोटा और जोधपुर संभाग में बरसात होगी। ऐसा ही हुआ और 1 दिसंबर की सुबह से ही उदयपुर में बरसात शुरू हो गई। हालांकि 30 नवंबर की शाम से ही यहां आसमान में बादल छाने लगे थे, जिसका असर बुधवार को भी देखने को मिला है।

दिन का पारा और गिरेगा, सुबह का चढे़गा
मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन बरसात रहने से उदयपुर में दिन का पारा और गिरेगा। दो दिन पहले तक यह पारा 29 डिग्री के आसपास था। दोपहर के समय में धूप में काफी तेजी थी। अब दो दिन में यह गिरकर 20 डिग्री पर आ गया है, जिससे दिन के समय में ठिठुरन और गलन काफी बढ़ गई। इसमें गुरुवार को और भी गिरावट देखने को मिल सकती है। 

अगले 3 दिन ठंड बढ़ेगी
मौसम विभाग का कहना है कि 3 दिसंबर से ठंड तेजी से बढ़ने लगेगी। बादल छट जाएंगे और मौसम पूरी तरह खुल जाएगा। ऐसे में माहौल शुष्क हो जाएगा। मेवाड़ समेत पूरे राजस्थान में तापमान गिरेगा। इस रविवार तक पारा गिरकर 5 से 7 डिग्री तक भी पहुंच सकता है।

Weather: कंपकंपाएगी दिसंबर की सर्दी, हिमाचल में बर्फबारी और कई राज्यों में बारिश की संभावना

Floods in south india: इस तरह चंद मिनटों में नदी में डूबकर लुप्त हो गया ये मकान; सामने आया Video

PREV

मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Mumbai Crime: बेटी पर बरपा बेरोजगार पिता का कहर, बचाने दौड़ी मां को भी नहीं छोड़ा
TCS ने पुणे ऑफिस से 365 को निकाला, लेबर कमिश्नर के पास पहुंच गए कर्मचारी