
Who is Eknath Shinde: महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी सरकार (Maha Vikas Aghadi) पर सकंट के बादल मंडराने लगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिवसेना के वरिष्ठ नेता और सरकार के मंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) 25 विधायकों को लेकर सूरत के ली मेरिडियन होटल में रुके हैं। इसमें शिवसेना के 15 जबकि कुछ अन्य पार्टियों के 10 विधायक शामिल हैं। एकनाथ शिंदे के साथ सूरत जाने वाले नेताओं में महाराष्ट्र सरकार के दो मंत्रियों के अलावा एकनाथ शिंदे का बेटा भी शामिल है। कहा जा रहा है कि शिंदे अपनी ही पार्टी में अलग-थलग पड़ते जा रहे थे। इसके चलते उन्होंने ये फैसला किया।
कौन हैं एकनाथ शिंदे?
एकनाथ शिंदे का जन्म 9 फरवरी, 1964 को सतारा जिले में हुआ था। कुछ सालों बाद उनका परिवार ठाणे आ गया। उनकी स्कूलिंग और कॉलेज की पढ़ाई ठाणे से ही हुई है। 59 साल के एकनाथ शिंदे ठाकरे परिवार के बाद शिवसेना में सबसे कद्दावर नेता हैं। उन्होंने 1980 में शिवसेना ज्वाइन की थी। शिंदे ठाणे की कोपरी-पांचपखाड़ी सीट से 4 बार विधायक रह चुके हैं। शिवसेना में उनकी छवि एक कट्टर कार्यकर्ता की रही है। बता दें कि शिंदे अभी महाराष्ट्र सरकार में नगर विकास मंत्री हैं।
जब मुख्यमंत्री बनते-बनते चूक गए शिंदे :
2019 में जब शिवसेना और भाजपा का गठबंधन टूटा तो ये फैसला लिया गया कि शिवसेना अब एनसीपी और कांग्रेस के साथ सरकार बनाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा। इसके बाद उद्धव ठाकरे ने शिंदे को विधानसभा में विधायक दल का नेता बना दिया। तब तक ये तय था कि एकनाथ शिंदे ही महाराष्ट्र के सीएम बनेंगे। हालांकि, एनसीपी के शरद पवार और कांग्रेस की सोनिया गांधी चाहते थे कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ही बनें। इस तरह शिंदे सीएम बनते-बनते रह गए थे।
शिंदे के साथ ये विधायक पहुंचे सूरत :
एकनाथ शिंदे न सिर्फ शिवसेना बल्कि कांग्रेस और एनसीपी से भी नाराज हैं। यही वजह है कि उन्होंने खुद को अलग-थलग कर लिया है। कहा तो ये भी जा रहा है कि वो उद्धव ठाकरे का फोन भी नहीं उठा रहे हैं। शिंदे के साथ सूरत पहुंचे विधायकों में प्रकाश सर्वे, महेश शिंदे, संजय शिंदे, संजय बंगारी, अब्दुल सत्तार (मंत्री), ज्ञानेश्वर चौगुले, शंभूराज देसाई (मंत्री), भारत गोगावाले, संजय राठौड, डॉ संजय रायमुलकरी, चंद्रकांत पाटिल (निर्दलीय) और एकनाथ शिंदे का बेटा श्रीकांत शिंदे शामिल है।
सांसद है एकनाथ शिंदे का बेटा :
एकनाथ शिंदे की पत्नी का नाम लता शिंदे है। वहीं उनके बेटे श्रीकांत शिंदे आर्थोपेडिक सर्जन होने के साथ ही कल्याण सीट से शिवसेना के सांसद हैं। बता दें कि एकनाथ शिंदे 2014 में तीन महीने के लिए महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। 2014 में वो महाराष्ट्र सरकार में लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री रहे।
ये भी देखें :
राष्ट्रपति चुनाव से पहले शिवसेना में गदर और इधर, TMC छोड़ना क्यों छोड़ना चाहते हैं यशवंत सिन्हा?
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।