केंद्रीय मंत्री के व्हाट्सएप पर आया वीडियो कॉल, रिसीव करते ही चलने लगा पॉर्न वीडियो, साजिश करने वाले का हुआ यह अंजाम

एक केंद्रीय मंत्री को पॉर्न वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने की कोशिश करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंत्री के व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आया था। जैसे ही उन्होंने रिसीव किया पॉर्न वीडियो चलने लगा था।

Vivek Kumar | Published : Jul 27, 2023 5:59 AM IST / Updated: Jul 27 2023, 11:36 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक केंद्रीय मंत्री का सेक्सटॉर्शन करने की कोशिश करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्थान से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनपर केंद्रीय मंत्री को सेक्सटॉर्शन कॉल करने का आरोप है। बुधवार को दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला जून का है। मंत्री के व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आया था। उन्होंने जैसे ही कॉल रिसीव किया पॉर्न वीडियो चलने लगा। उन्होंने तुरंत कॉल काट दिया। इसके बाद मंत्री को फोन कॉल आया। फोन करने वाले ने मंत्री को धमकी दी कि वह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर जारी कर देगा।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट कर रही जांच

मंत्री ने इस संबंध में जून में पुलिस में शिकायत दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की। आरोपी मोहम्मद वकील और मोहम्मद साहिब को इस केस में गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सेक्सटॉर्शन के इस मामले में कई और लोग शामिल हैं। उन्हें भी पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा कोशिश की जा रही है।

मई में भी दिल्ली पुलिस ने किया था सेक्सटॉर्शन रैकेट का भंडाफोड़

इससे पहले मई में दिल्ली पुलिस ने एक सेक्सटॉर्शन रैकेट का भंडाफोड़ किया था। 22 साल के एक आरोपी को सोशल मीडिया पर निजी चैट और वीडियो पोस्ट करने की धमकी देकर कई लोगों से 7 लाख रुपए से अधिक की वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़ें- Sextortion@One Night Stand: इसके एक कॉल ने कई नेताओं-बिजनेसमैन की नींद उड़ाकर रखी हुई थी, ED की धांसू एंट्री

मामला तब सामने आया जब शाहदरा निवासी 27 साल के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि मार्च में उसे एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉल रिसीव करने पर उसने एक महिला को अश्लील हरकत करते देखा। बाद में उस व्यक्ति को उन लोगों से जबरन वसूली के कॉल आने लगे। इसके बाद उसने दिल्ली पुलिस में शिकायत दी। पीड़ित को आरोपियों ने धमकी दी थी कि पैसे नहीं दिए तो उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर दी जाएंगी। पीड़त ने डरकर दो लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए थे।

Share this article
click me!