
नई दिल्ली। मच्छर भगाकर चैन की नींद सोने की कोशिश में दिल्ली के शास्त्री पार्क में रहने वाले एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। यह घटना बड़े हादसे के प्रति सचेत करती है। इस परिवार के लोगों ने मच्छर भगाने वाली कॉइल को रातभर जलाकर छोड़ दिया। कमरे में वेंटिलेशन की अच्छी सुविधा नहीं थी, जिसके चलते जहरीली गैस भर गई। इसके चलते दम घुटने से सभी की मौत हो गई।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रात के समय परिवार के लोगों ने मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाई थी। यह कॉइल गद्दे पर गिर गई थी, जिससे गद्दे में आग लग गई। गद्दे में लगी आग धधकने की जगह सुलगती रही, जिससे जहरीला धुआं निकला और कमरे में भर गया। इससे सभी लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। जहरीले धुएं के चलते मारे गए लोग पहले बेसुध हो गए थे, जिसके चलते वे नींद से उठ नहीं सके और उनकी जान चली गई।
पुलिस ने 9 लोगों को पहुंचाया अस्पताल
पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घटना की जानकारी मिली। पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय तिर्की ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि शास्त्री पार्क के माछी बाजार के मजार वाला रोड स्थित एक घर में आग लग गई है। इसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर में मौजद 9 लोगों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में एक महिला और एक डेढ़ साल का बच्चा शामिल है। 15 साल की लड़की समेत दो अन्य का इलाज चल रहा है। जलने के चलते ये घायल हो गए हैं। 22 साल के एक युवक को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.