
Republic Day 2025: आज भारत का 76वां गणतंत्र दिवस है। इस अवसर पर पूरे देश में जश्न मनाए जा रहे हैं। गूगल ने कलाकार रोहन दाहोत्रे के एक खास डूडल के साथ यह जश्न मनाया है। डूडल में भारत की विविधता के प्रतीक पारंपरिक पोशाक में जानवरों को दिखाया गया है।
पुणे के कलाकार रोहन दहोत्रे द्वारा बनाए गए डूडल में वन्यजीव-थीम वाली परेड में चलते हुए विभिन्न जीवों को दिखाया गया है। इसमें आप पारंपरिक लद्दाखी परिधान पहने हिम तेंदुआ, धोती-कुर्ता पहने और म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट पकड़े बाघ और उड़ते हुए मोर को देख सकते हैं। डूडल में एक मृग भी है। यह औपचारिक छड़ी लेकर चल रहा है। इसके साथ ही भारत के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतीक अन्य जानवर भी हैं।
गूगल की वेबसाइट पर डूडल के बारे में जानकारी दी गई है। कहा गया है कि यह डूडल भारत के 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाता है। यह राष्ट्रीय गौरव और एकता का प्रतीक है।" बता दें कि गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण नई दिल्ली में कर्त्तव्य पथ पर होने वाली परेड है। इसमें भारत की सैन्य क्षमताओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर 31 झांकियां दिखेंगी। इनमें 16 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की और 15 केंद्रीय मंत्रालयों और संगठनों की होंगी। थीम 'स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास' है।
परेड के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल, पिनाका रॉकेट सिस्टम और आकाश एयर डिफेंस सिस्टम समेत अत्याधुनिक हथियार दिखाए जाएंगे। सेना की बैटल सर्विलांस सिस्टम 'संजय' और डीआरडीओ की 'प्रलय' मिसाइल भी पहली बार दिखाई जाएंगी। टी-90 'भीष्म' टैंक, नाग मिसाइल सिस्टम और वाहन पर लगे पैदल सेना मोर्टार सिस्टम (ऐरावत) भी परेड में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें- Republic Day 2025 Live: 10:30 बजे शुरू होगा परेड, दिखेगी स्वर्णिम भारत की झलक
फ्लाईपास्ट में सी-130जे सुपर हरक्यूलिस, सी-17 ग्लोबमास्टर और एसयू-30 लड़ाकू विमान सहित इंडियन एयर फोर्स के 40 विमान शामिल होंगे। भारतीय तटरक्षक बल के तीन डोर्नियर विमान भी उड़ान भरेंगे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.