गणतंत्र दिवस समारोह के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के पास पहुंचे। उन्होंने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया।
Republic Day 2025: पहली बार हुआ प्रलय मिसाइल का प्रदर्शन, लोगों के पास पहुंचे PM

India Republic Day Parade 2025 LIVE Updates: आज भारत अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। मुख्य समारोह नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर हो रहा है। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हैं। विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 10,000 विशेष अतिथि परेड में भाग ले रहे हैं। ये 'स्वर्णिम भारत' के निर्माताओं का प्रतिनिधित्व करेंगे। परेड सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रीय युद्ध स्मारक गए।
दिवस परेड समारोह: लोगों के पास पहुंचे पीएम मोदी
राफेल के वर्टिकल चार्ली के साथ गणतंत्र दिवस परेड का हुआ समापन
गणतंत्र दिवस परेड का समापन इंडियन एयर फोर्स के राफेल फाइटर जेट के वर्टिकल चार्ली के साथ हुआ। एक राफेल विमान 900 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक की गति से आया और उसने सीधे ऊपर की ओर उड़ान भरी।
गणतंत्र दिवस 2025 परेड: एक साथ 6 राफेल विमानों ने भरी उड़ान
गणतंत्र दिवस 2025 परेड के दौरान एक साथ 6 राफेल फाइटर जेट उड़ान भरते नजर आए। इसके बाद त्रिशूल फॉर्मेशन में तीन सुखोई विमान उड़ते हुए आए।
गणतंत्र दिवस 2025 परेड: अमृत फॉर्मेशन में उड़े जगुआर विमान
भारतीय वायुसेना के पुराने लड़ाकू विमान जगुआर अमृत फॉर्मेशन में आए। पांच विमान एक साथ उड़ान भर रहे थे।
गणतंत्र दिवस 2025 परेड: नौसेना के जहाज के साथ आए सुखोई 30 जेट
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में भारतीय वायु सेना के दो सुखोई 30 एमकेआई फाइटर जेट नौसेना के विमान के साथ उड़ान भरते हुए आए। इसके बाद दो सुखोई विमान सी 17 विमान के साथ दिखे।
गणतंत्र दिवस 2025 परेड: अपाचे हेलीकॉप्टरों ने दिखाया दम
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में अमेरिका से खरीदे गए अपाचे हेलीकॉप्टरों ने अपना दम दिखाया है। इन्हें हवा में उड़ने वाला टैंक भी कहा जाता है।
गणतंत्र दिवस 2025 परेड: महाकुंभ की झांकी में दिखा समुद्र मंथन
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में महाकुंभ की झांकी दिखी। इसमें समुद्र मंथन दिखाया गया। बिहार की झांकी में नालंदा विश्वविद्यालय को ज्ञान के केंद्र के रूप में दिखाया गया।
गणतंत्र दिवस 2025 परेड: ऊंट पर सवार होकर आए BSF के जवान
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में बीएसएफ के जवान ऊंट पर सवार होकर आए। ऊंटों को बेहद खास परिधानों से सजाया गया था। राजस्थान के रेगिस्तानी इलाके में ऊंट सीमा की रखवाली में बहुत काम आते हैं।

गणतंत्र दिवस 2025 परेड: पहली बार दिखा प्रलय मिसाइल
गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार प्रलय मिसाइल का प्रदर्शन किया गया है। इसे डीआरडीओ ने विकसित किया है। 150-500 किलोमीटर रेंज वाले इस मिसाइल को सीमा पर तैनात किया गया है।
गणतंत्र दिवस 2025 परेड: वायुसेना के मार्चिंग दस्ते से साथ उड़े Mig 29 विमान
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में वायुसेना के मार्चिंग दस्ते से साथ Mig 29 विमानों ने उड़ान भरी। दो इंजन वाला यह रूसी विमान हवाई लड़ाई में बेहद खास है। यह बेहद तेज और फुर्तीला फाइटर जेट है।
गणतंत्र दिवस 2025: आकाश मिसाइल सिस्टम आया नजर
परेड में भारत का स्वदेशी आकाश मिसाइल सिस्टम दिखा है। यह सतह से हवा में मार करने वाला मिसाइल है। इसका इस्तेमाल हवाई हमले को रोकने में होता है।
गणतंत्र दिवस 2025: ब्रह्मोस मिसाइल ने खिंचा सबका ध्यान
परेड में भारत के सुपर सोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का प्रदर्शन किया गया है। इसने सबका ध्यान अपनी ओर खिंचा। उसके बाद पिनाका रॉकेट सिस्टम आया।
गणतंत्र दिवस 2025: इंडोनेशिया के जवानों ने किया परेड
इंडोनेशिया के जवानों ने परेड किया है। इसके बाद टी-90 टैंक, नाग मिसाइल सिस्टम और सेना के ऑल टरेन व्हीकल परेड में दिखे।
गणतंत्र दिवस 2025: वायुसेना के Mi-17 हेलीकॉप्टर ने बरसाये फूल
वायुसेना के Mi-17 हेलीकॉप्टरों ने कर्तव्य पथ पर फूलों की बारिश की है। चार हेलीकॉप्टर ध्वज फॉर्मेशन में आए। सबसे आगे के हेलीकॉप्टर पर तिरंगा झंडा लगा था। उसके बाद के हेलीकॉप्टर तीनों सेनाओं के झंडे के साथ थे।
गणतंत्र दिवस 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फहराया तिरंगा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर तिरंगा झंडा फहराया। इसके साथ ही सेना के जवानों ने 21 तोपों की सलामी दी। इसके बाद परेड की शुरुआत हुई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं कर्तव्य पथ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ पर पहुंच गईं हैं। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले से मौजूद थे। उन्होंने राष्ट्रपति का स्वागत किया। नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो को गले लगाया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ जाने के लिए निकलीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ जाने के लिए राष्ट्रपति भवन से निकलीं हैं। उनके साथ इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो भी हैं। दोनों खास बग्घी में सवार होकर निकले हैं। उनके साथ राष्ट्रपति के अंगरक्षक घोड़ों पर सवार होकर चल रहे हैं।
गणतंत्र दिवस 2025: नरेंद्र मोदी ने पहना केसरिया साफा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचे और शहीद जवानों को श्रद्धांजली दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया। नरेंद्र मोदी केसरिया साफा पहने नजर आए।
गणतंत्र दिवस 2025: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फहराया तिरंगा
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया है। सीमा पर सेना के जवानों ने तिरंगा झंडा फहराकर गणतंत्र दिवस मनाया है।
गणतंत्र दिवस पर मोहन भागवत ने फहराया झंडा
आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) प्रमुख मोहन भागवत ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के ठाणे के भिवंडी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।