आंध्र-तेलंगाना में बारिश से 24 की मौत, 140 ट्रेनें रद्द, देखें तबाही की तस्वीरें

Published : Sep 02, 2024, 08:33 AM ISTUpdated : Sep 02, 2024, 09:58 AM IST
Andhra Pradesh Flood

सार

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने 24 लोगों की जान ले ली है। 17,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। नदियां उफान पर हैं। 140 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

हैदराबाद। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति है। 24 लोगों की मौत की सूचना आई है। 17 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां उफना गईं हैं। इससे बड़े पैमाने पर बाढ़ आई है। करीब 140 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। कई का रूट डायवर्ट किया गया है। स्कूल-कॉलेजों को बंद किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से बात की है। उन्होंने दोनों राज्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। दोनों राज्यों में आने वाले दिनों में और अधिक बारिश होने की संभावना है।

लगातार दूसरे दिन मूसलाधार बारिश के कारण आंध्र प्रदेश में 15 लोगों की मौत हुई है। वहीं, तेलंगाना में 9 लोगों की जान गई है। आंध्र में बाढ़ के पानी में तीन और लोगों के बह जाने की आशंका है। तेलंगाना में एक व्यक्ति लापता है।

 

 

दक्षिण मध्य रेलवे ने रद्द की 140 ट्रेनें

दक्षिण मध्य रेलवे ने 140 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। 97 ट्रेनों का रास्ता बदला गया है। करीब 6,000 यात्री विभिन्न स्टेशनों पर फंसे हुए हैं। आंध्र प्रदेश में 17,000 से अधिक लोगों को बाढ़ प्रभावित जगहों से निकाला गया है। विजयवाड़ा में भयंकर बाढ़ आई है। यहां 2.76 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

 

 

हैदराबाद में स्कूलों में दी गई छुट्टी

हैदराबाद में भारी बारिश हुई है। शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। हैदराबाद जिले में और भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण 2 सितंबर को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित किया गया है।

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में NDRF की 26 टीमें तैनात

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बाढ़ राहत और बचाव के लिए NDRF (National Disaster Response Force) की 26 टीमें तैनात की गईं हैं। मौसम विभाग ने 2 से 5 सितंबर तक चार दिनों के लिए आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने का अनुमान जताया है। तेलंगाना में भी इसी तरह की मौसमी स्थिति के साथ अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

 

 

यह भी पढ़ें- वायनाड से लेकर उत्तराखंड तक...आखिर क्यों हो रही है जमीन धंसने की घटनाएं?

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

भारत की पहली Bullet Train का लुक आया सामने, देखकर लोग बोले- जापान जैसी स्पीड!
इस मशहूर टीचर का था NEET UG 2026 Paper Leak में बड़ा हाथ? CBI ने खोली परतें