
गुवाहाटी, असम. यहां आतंकवादी संगठन DNLA ने गुरुवार रात एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए 7 ट्रकों को आग में फूंक दिया। हादसे में 5 ट्रक ड्राइवरों की दर्दनाक मौत हो गई। उग्रवादियों ने गोलियां बरसाकर उन्हें भागने का मौका नहीं दिया। यह घटना सुदूर दीमा हसाओ जिले में दीयुंगबरा के पास हुई।
उग्रवादियों ने कई राउंड फायर किए
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संदिग्ध उग्रवादियों ने दीमा हसाओ में उमरंगसो -लंका रोड पर दिसमाओ गांव के पास इस घटना को अंजाम दिया। उग्रवादियों ने कई राउंड फायर किए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसे जले हुए 5 शव मिले। जिले के एसपी ने बताया कि DNLA उग्रवादी ग्रुप की भूमिका सामने आने के बाद असम राइफल्स की मदद से क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
ऑटोमेटिक हथियारों से की फायरिंग
दीमा हसाओ जिले के SP जयंत सिंह ने बताया कि आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों(automatic weapons) से गोलीबारी की थी। फिर ट्रकों को आग लगा दी। घटना स्थल गुवाहाटी से करीब 200 किमी दूर है। ये ट्रक ट्रक पास के सीमेंट फैक्ट्री के लिए कोयला और अन्य सामग्री ले जा रहे थे। बता दें कि दीमा हसाओ जिला असम के तीन पहाड़ी जिलों में से एक है। पहले यह विद्रोही गतिविधियों और समूहों का केंद्र था। पिछले 5 वर्षों में एक हद तक शांति बनी हुई थी। लेकिन इस घटना ने फिर से पुलिस को अलर्ट कर दिया है। मई में सुरक्षाबलों ने कार्बी आंगलोंग जिले के धनसिरी इलाके में एक एनकाउंटर में DNLA के 6 आतंकवादियों को मार गिराया था। पुलिस को उनके पास से हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ था। यह ऑपरेशन धनसिरी इलाके में एक युवक की हत्या के बाद किया गया था।
DNLA का गठन 2019 में हुआ था। यह दीमा हसाओ और कार्बी आंगलोंग जिलों के साथ-साथ पड़ोसी नागालैंड के कुछ हिस्सों में सक्रिय माना जाता है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.