
Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha: अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा सोमवार को होगी। पूरे देश में केंद्रीय व सरकारी कर्मचारियों को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का ऑनलाइन देखने के लिए आधा दिन की छुट्टी दी गई है। केंद्र सरकार ने एम्स दिल्ली में भी सोमवार दोपहर 2.30 बजे तक बंद रखने का आदेश दिया है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार ने संस्थान के सभी विभागों को आदेश जारी कर बताया है कि अयोध्या में राम मंदिर के अभिषेक के लिए आधे दिन यानी सोमवार दोपहर 2.30 बजे तक बंद रहेगा। प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि इस दौरान सभी क्रिटिकल क्लिनिकल सर्विसेस को चालू रखा जाएगा।
राजेश कुमार ने अपने नोट में लिखा: सभी कर्मचारियों की जानकारी के लिए सूचित किया जाता है कि संस्थान 22.01.2024 को 14.30 बजे (दोपहर 2.30 बजे) तक आधे दिन बंद रहेगा। सभी केंद्रों के प्रमुखों, विभागों, इकाइयों के प्रमुखों और शाखा अधिकारियों से अनुरोध है इसे अपने अधीन काम करने वाले सभी कर्मचारियों के ध्यान में लाए।
ओपीडी के बारे में नहीं है कोई सूचना
हालांकि, एम्स दिल्ली के प्रशासनिक अधिकारी ने अपने नोट में यह उल्लेख नहीं किया है कि ओपीडी सेवाएं प्रभावित होंगी या नहीं।
22 जनवरी को होगी रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा
अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगा। राम लला की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा अभिजीत मुहूर्त में किया जाएगा। यह कार्यक्रम 22 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड पर शुरू होकर 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड पर खत्म होगा। पीएम नरेंद्र मोदी और सैकड़ों हाई-प्रोफाइल मेहमान सोमवार को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे। राम मंदिर के गर्भगृह में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के दौरान पीएम मोदी, आरएसएस चीफ मोहन भागवत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राम मंदिर के मुख्य पुजारी, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास मौजूद रहेंगे। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सात हजार से अधिक वीवीआईपी को आमंत्रित किया गया है।
राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। राम लला के मंदिर में गर्भ गृह होगा जिसमें कुल 5 मंडप बनाए गए हैं। मंदिर ग्राउंड फ्लोर पर होगा। पहली मंजिल का कुछ काम अभी कराया जाना है, यहीं पर राम दरबार होगा। मंदिर का दूसरा फ्लोर अनुष्ठान के लिए है। यहां पर अलग-अलग तरह के यज्ञ, हवन और अनुष्ठान किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.