
नई दिल्ली/कोलकाता. पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में भाजपा की रैली के दौरान बलविंदर सिंह नाम के सिख व्यक्ति की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। भाजपा पश्चिम बंगाल पुलिस पर सिखों की धार्मिक भावना आहत करने का आरोप लगा रही है। बलविंदर सिंह भाजपा नेता प्रियांगू पांडे के सिक्योरिटी ऑफिसर हैं। फिलहाल प्रियांगू पांडे और बलविंदर सिंह पुलिस कस्टडी में हैं। ऐसे में Asianet News Hindi ने प्रियांगू पांडे के भाई हिमांगू पांडे से बातचीत की। हिमांगू ने एक्सक्लूसिव बातचीत में बलविंदर सिंह के साथ हुई घटना की पूरी जानकारी दी।
'बलविंदर तो चुपचाप साइड में खड़ा था, फिर भी उसे पीटा'
प्रियांगू पांडे के भाई हिमांगू पांडे ने बताया, हावड़ा मैदान की घटना है। कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। उसी बीच में पुलिस आई। कार्यकर्ताओं में से किसी ने भी पुलिस को नहीं छुआ। बलविंदर सिंह तो रोड के किनारे खड़े थे। तभी पुलिस उनको मारने लगी।
उन्होंने बताया, सरदार जी तो साइड में खड़े थे। वह विरोध प्रदर्शन नहीं कर रहे थे। वो लोग आए और लाठी डंडा बरसाने लगे। उन्हें मारा। उनकी बंदूक छीन ली। फिर अफवाह उड़ा दी कि बंदूक का लाइसेंस नहीं है। जबकि बलविंदर सिंह लाइसेंस लेकर आए थे। अपनी जेब में रखा था। उन्होंने लाइसेंस दिखाया। फिर भी पुलिस नहीं मानी। फिर थाने ले गए। शाम को छोड़ने के लिए कहा लेकिन छोड़ा नहीं। अभी तक बंद किया है। हिमांगू पांडे ने बताया कि उनके भाई प्रियांगू पांडे भाजपा के राज्य युवा कोर कमेटी के सदस्य हैं।
बलविंद सिंह के खिलाफ FIR की कॉपी। इसमें सेक्शन 147,148,149,188,307,332,333,353,436,427,506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने कहा- हम तो बस पिस्टल ले रहे थे
इस मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने सफाई दी है। उन्होंने कहा, हम सिर्फ सिख व्यक्ति के पास मौजूद पिस्टल को कब्जे में लेने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उसकी पगड़ी गिर गई। हमारा धार्मिक भावनाएं आहत करने का इरादा नहीं था। गिरफ्तारी से पहले हमने उसे पगड़ी दोबारा पहनने को भी कहा था।
पिटाई का वीडियो हुआ था वायरल
सिख की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कोलकाता पुलिस बलविंदर सिंह की पिटाई कर रही है। पिटाई के दौरान वह जमीन पर गिर जाता है। उसकी पगड़ी खुल जाती है। इसके बाद भी पुलिस उसे पीटती रहती है। बलविंदर सिंह पूर्व सैनिक हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.