
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बाद 7 राज्यों के 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव (Bypoll Results) में विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। INDIA ब्लॉक ने 13 में से 10 सीटें जीत ली हैं। भाजपा को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने राज्य में क्लीन स्वीप किया है। कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो-दो सीटों पर जीत मिली है। डीएमके और आप ने एक-एक सीट जीता है।
पश्चिम बंगाल उपचुनाव: टीएमसी ने जीत लिए चारों सीट
पश्चिम बंगाल में चार सीट पर उपचुनाव हुए। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने सभी चारों सीट जीत लिए। मधुपर्णा ठाकुर को बागदा, मुकुट मणि अधिकारी को रानाघाट, कृष्णा कल्याणी को रायगंज और सुप्ती पांडे को मानिकतला सीट पर जीत मिली। तृणमूल की राज्यसभा सांसद ममताबाला ठाकुर की बेटी मधुपर्णा (25) बंगाल विधानसभा की सबसे कम उम्र की सदस्य बनने जा रही हैं।
हिमाचल प्रदेश उपचुनाव: 3 में से 2 सीट कांग्रेस ने जीती, सीएम की पत्नी को मिली जीत
हिमाचल प्रदेश में तीन सीटों पर उपचुनाव हुए। कांग्रेस ने दो सीट जीत लिए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुखू की पत्नी कमलेश ठाकुर देहरा से चुनाव जीत गईं हैं। नालागढ़ में कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने भाजपा के केएल ठाकुर को 8,990 वोटों से हराया। हमीरपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पिंदर वर्मा को 1,571 वोटों के अंतर से हराया।
उत्तराखंड उपचुनाव: कांग्रेस को दोनों सीटों पर मिली जीत
उत्तराखंड में दो सीटों (बद्रीनाथ और मंगलौर) पर उपचुनाव हुए। दोनों को कांग्रेस ने जीत लिया। मंगलौर में कांग्रेस उम्मीदवार काजी निजामुद्दीन ने भाजपा उम्मीदवार करतार सिंह भड़ाना को 422 मतों से हराया। बद्रीनाथ में कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला ने भाजपा के राजेंद्र भंडारी को 5,224 मतों से हराया।
पंजाब उपचुनाव: आप को जालंधर पश्चिम सीट पर मिली जीत
पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) ने त्रिकोणीय मुकाबले में जालंधर पश्चिम सीट पर जीत पाई। आप के मोहिंदर भगत ने कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर को 37,325 मतों से हराया।
तमिलनाडु उपचुनाव: विक्रवंडी सीट पर डीएमके को मिली जीत
तमिलनाडु के विक्रवंडी सीट पर हुए उपचुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) को जीत मिली। डीएमके के अन्नियुर शिवा ने 1,24,053 वोटों से जीत दर्ज की।
बिहार उपचुनाव: जदयू के कलाधर प्रसाद मंडल को निर्दलीय उम्मीदवार ने हराया
बिहार के रूपौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ। यहां जेडी(यू) के कलाधर प्रसाद मंडल को निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने 8,246 मतों से हराया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली शराब घोटाला: अरविंद केजरीवाल को पच नहीं रही जेल की रोटी, 8.5kg घटा वजन, कोमा में जाने का खतरा
मध्य प्रदेश उपचुनाव: अमरवाड़ा सीट पर भाजपा को मिली जीत
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा सीट पर भाजपा के कमलेश प्रताप शाह ने कांग्रेस के धीरन शाह इनवाती को 3,027 मतों से हराया।
यह भी पढ़ें- कैप्टन अंशुमान सिंह की विधवा स्मृति सिंह के लिए कही गंदी बात, सोशल मीडिया यूजर पर FIR दर्ज