
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा वापस लेने के 12वें दिन मुख्य सचिव बी आर. सुब्रमण्यम ने राज्य की मौजूदा स्थितियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि राज्य में स्थिति सामान्य हो रही है। धीरे-धीरे प्रशासन प्रतिबंध भी हटा रहा है। इसके अलावा सरकारी दफ्तर भी आज से खुल गए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल अगले हफ्ते से क्रमबद्ध तरीके से खुलने लगेंगे।
सुब्रमण्यम ने बताया, 22 में से 12 जिलों में स्थिति सामान्य है। 5 जिलों में कुछ प्रतिबंध हैं। सुरक्षा वजहों के चलते किसी की भी जान नहीं गई है। ना कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है। देश में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। आने वाले दिनों में प्रतिबंधों में छूट दी जाएगी।
सोमवार से खुलने लगेंगे स्कूल
उन्होंने बताया कि इस वीकेंड के बाद क्रमबद्ध तरीके से स्कूल खुलने लगेंगे। दफ्तर आज खुल गए हैं। बड़ी संख्या में कर्मचारी भी पहुंचे। आज से कुछ हिस्सों में फोन सेवा बहाल की जाएगी। आने वाले दिनों में क्षेत्रवार सभी हिस्सों में इसे शुरू किया जाएगा।
'अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा पाक'
पाकिस्तान द्वारा कश्मीर पर लगातार झूठ फैलाए जाने को लेकर सुब्रमण्यम ने कहा कि सीमापार से आतंकी संगठन घाटी में अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा देते रहे हैं। जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों ने युवाओं को भड़काकर आतंकी संगठन में शामिल किया। उन्होंने बताया कि ऐहतियातन लोगों के इकट्ठा होने और मूवमेंट पर रोक लगाई गई थी। इसी के चलते कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.